Maharashtra Assembly Session: महाराष्ट्र विधानसभा की तीन दिवसीय विशेष सत्र आज से शुरू हो गया है। इस सत्र में नवनिर्वाचित विधायक शपथ लेंगे और बाद में विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव होगा। विधानसभा स्पीकर के चुनाव की जल्द होने की उम्मीद हैं, क्योंकि 16 से 21 दिसंबर तक विधानसभा नागपुर में शीतकालीन सत्र की तैयारी कर रही है।
यह सत्र महाराष्ट्र में नवगठित विधानसभा के विधायी एजेंडे के लिए माहौल तैयार करने का मंच होगा। वरिष्ठ बीजेपी नेता कालिदास सुलोचना कोलंबकर को विधानसभा के तीन दिवसीय विशेष सत्र से एक दिन पहले शुक्रवार को महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने विधानसभा के प्रोटेम स्पीकर के रूप में शपथ दिलाई।
महाराष्ट्र विधानसभा के विशेष सत्र से पहले, नवनिर्वाचित विधायकों ने कहा कि उन्होंने अपने निर्वाचन क्षेत्रों के विकास पर ध्यान केंद्रित करना अभी से शुरू कर दिया है। सदन में हम पूरी ईमानदारी के साथ अपने-अपने क्षेत्रों के मुद्दों को उठाएंगे। हमारा ध्यान विकास के मुद्दों पर केन्द्रित रहेगा।
विशेष सत्र की खास बातें…
महाराष्ट्र विधानसभा का विशेष सत्र आज से शुरू हुआ है और पहले दिन प्रोटेम स्पीकर सभी 288 नए चुने गए विधायकों को शपथ दिलाएंगे।
9 दिसंबर को विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव होगा। इसके लिए पूर्व विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर और बीजेपी विधायक सुधीर मुनगंटीवार सबसे बड़े दावेदार माने जा रहे हैं।
चर्चा है कि राहुल नार्वेकर सरकार में मंत्री बनना चाहते हैं। इसके चलते सुधीर मुनगंटीवार अध्यक्ष पद के लिए मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने 5 दिसंबर को शपथ के बाद कहा था कि शीतकालीन सत्र से पहले नए मंत्रिमंडल की घोषणा कर दी जाएगी।