Ind vs Aus BGT 2024: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच एडिलेड ओवल में खेले जा रहे पिंक बॉल डे-नाइट टेस्ट में कंगारू टीम बहुत मजबूत स्थिति मैं हैं। मैच के दूसरे दिन ही ऑस्ट्रेलिया ने शिकंजा कस लिया है। भारत दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया से 29 रनों से पीछे है जबकि पांच विकेट आउट हो गए। क्रीज पर ऋषभ पंत 28 और नीतीश कुमार रेड्डी 15 रन बनाकर नाबाद है।
भारतीय टीम इस पिंक बॉल टेस्ट में पहली पारी में 180 रनों पर सिमट गई थी। वहीं ऑस्ट्रेलिया की टीम 337 रनों पर ऑलआउट हो गई। इस लिहाज से ऑस्ट्रेलिया को 157 रनों की बड़ी बढ़त मिली। इस मैच में ट्रेविस हेड ने अपना आठवां टेस्ट शतक (140 रन) जड़ा। जो भारत के खिलाफ उनका यह दूसरा टेस्ट शतक रहा।
भारत की ओर तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज और जसप्रीत बुमराह ने चार-चार विकेट झटके तो वहीं नीतीश रेड्डी और अश्विन की झोली में एक-एक विकेट आया। कंगारू टीम की ओर से हेड के अलावा मार्नस लाबुसेन 64 और नाथन मैकस्वीनी ने 39 रनों का योगदान दिया। जवाब में दूसरी पारी खेलने उतरी भारतीय टीम की बल्लेबाजी चरमरा गई और एक के बाद एक विकेट गिरते चले गए।
दूसरी पारी में भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 12 रनों के स्कोर पर ही केएल राहुल (7) का विकेट गंवा दिया। राहुल को पैट कमिंस ने विकेटकीपर एलेक्स कैरी के हाथों कैच आउट कराया। इसके बाद यशस्वी जायसवाल भी 24 रन बनाकर स्कॉट बोलैंड की गेंद पर चलते बने।
विराट कोहली भी कुछ खास नहीं कर पाए और बोलैंड की बॉल पर विकेटकीपर कैरी को कैच दे बैठे। कोहली ने 21 गेंदों का सामना करते हुए 11 रन बनाए। शुभमन गिल (28) से अच्छी पारी की उम्मीद थी, लेकिन मिचेल स्टार्क ने उनका मिडिल स्टम्प उड़ा दिया।
इसके बाद कप्तान रोहित शर्मा भी पैट कमिंस की गेंद पर बोल्ड हो गए। रोहित ने 5 रन बनाए। यहां से ऋषभ पंत और नीतीश रेड्डी ने दूसरे दिन भारतीय टीम को कोई और नुकसान नहीं होने दिया। दोनों बल्लेबाज स्टंप तक नाबाद लौटे। मैच के तीसरे दिन दोनों बल्लेबाजों से अच्छी पारी की उम्मीद होगी।
पर्थ में मिली थी जीत
बता दें कि, सीरीज के पहले मैच में भारत ने 295 रनों से बड़ी जीत हासिल की थी। भारत सीरीज में अभी भी 1-0 से आगे हैं। इससे पहले भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच एक पिंक टेस्ट मैच एडिलेड में खेला गया जिसमें भारत को 8 विकेट से हार मिली थी। यह मैच दिसंबर 2020 को खेला गया था। अब दोनों टीमों के बीच दूसरा पिंक टेस्ट मैच खेला जा रहा है।