Jharkhand Chunav 2024: झारखंड की सरकार बदलने के लिए संकल्प की मुठ्ठी बांधकर जयश्रीराम बोलिए और सरकार को बदल दीजिए। बीजेपी की सरकार बनी तो प्रदेश से भ्रष्टाचार और घुसपैठ को खत्म कर दिया जाएगा। बीजेपी की सरकार बनी तो किसी भी हालत में मुस्लिम आरक्षण लागू नहीं किया जाएगा। यहां तक जम्मू-कश्मीर में अब राहुल गांधी की चौथी पीढ़ी भी धारा 370 को दोबारा लागू नहीं कर सकती है। यह बातें गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को प्रदेश के जोड़ापोखर में एक चुनावी जनसभा के दौरान कही।
यहां अमित शाह ने झरिया से बीजेपी प्रत्याशी रागिनी सिंह के लिए चुनाव प्रचार किया। इस दौरान शाह ने करीब 25 मिनट तक संबोधन दिया। उन्होंने मदन मोहन मालवीय को याद किया और कहा कि आने वाले 20 नवंबर को विकसित झारखंड बनाने के लिए अपना मतदान जरूर करें। आपका एक-एक वोट प्रदेश का भविष्य तय करेगा। करोड़पति झामुमो की सरकार चाहिए या खुद को लखपति बनाने वाली सरकार।
शाह ने कहा कि कांग्रेस नेता के घर से 350 करोड़ और झामुमो के मंत्री आलमगीर आलम के यहां से 35 करोड़ बरामद हुआ। नोट गिनने के लिए रांची की सारी मशीन गर्म हो गई। अगर बीजेपी की सरकार बनी तो भ्रष्टाचारियों को उल्टा लटकाकर सीधा कर देंगे। कांग्रेस और झामुमो ने मनरेगा, खनन, भूमि, शराब, सेना की जमीन का घोटाला किया। यह घोटालों वाली सरकार है।
Read Also: http://ED Raid: झारखंड और बंगाल में ईडी की ताबड़तोड़ छापेमारी, 15 से ज्यादा ठिकानों पर धावा
अमित शाह ने कहा कि बीजेपी सरकार बनते ही कई कल्याणकारी और विकास वाली योजनाओं को शुरू किया जाएगा। इन योजनाओं का लाभ प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को मिलेगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी पत्थर की लकीर होती है। गोगो दीदी योजना के तहत 2100 रुपए आपके खाते में हर महीने में आएगा। गैस सिलेंडर 500 रुपए का दिया जाएगा। दीपावली और रक्षाबंधन पर दो सिलेंडर मुफ्त मिलेगा।
अमित शाह ने अपने भाषण में कहा कि बीजेपी की सरकार बना दो ओर हमारी सरकार हर महीने 2000 रुपए बेरोजगारी भत्ता के रूप में देगी। जमीन रजिस्ट्री एक रुपए में होगी। धान की फसल को 3100 रुपए प्रति क्विंटल खरीदा जाएगा। बांग्लादेशी घुसपैठियों को चुन-चुनकर बाहर निकाला जाएगा। घुसपैठियों के लिए एक मजबूत बनाया जाएगा और आदिवासियों की जमीनों को वापस दिलाया जाएगा।