Ind vs NZ 2024: भारतीय क्रिकेट टीम के युवा ओपनर यशस्वी जायसवाल ने पुणे में न्यूजीलैंड के साथ खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में बड़ा रिकॉर्ड बनाया है। इस रिकॉर्ड के साथ वह इंग्लैंड के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज के बाद एक खास क्लब में शामिल हो गए। इस मैच की पहली पारी में जायसवाल ने केवल 30 रनों का योगदान दिया। शुरुआत में जायसवाल अच्छी लय में नजर आ रहे थे लेकिन ग्लेन फिलिप्स की एक गेंद पर वह कैच आउट हो गए। 60 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 30 रन बनाकर आउट हो गए।
यशस्वी ने इस पारी की मदद से इस साल टेस्ट क्रिकेट में अपने 1000 रन पूरे कर लिए हैं। वह साल 2024 में टेस्ट क्रिकेट में 1000 रन पूरे करने वाले दूसरे ही बल्लेबाज हैं। उनसे पहले ये काम इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज जो रूट ने किया है। रूट ने इस साल अभी तक खेले 14 टेस्ट मैचों में 1305 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 59.31 का रहा है। यशस्वी अब उनकी लिस्ट में शामिल हो गए हैं। यशस्वी ने इस साल 10 टेस्ट मैचों में 1007 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 59.23 का रहा है।
इससे पहले यशस्वी ने इस साल की शुरुआत में इंग्लैंड के साथ खेली गई पांच टेस्ट मैचों में सीरीज में शानदार खेल दिखाया था और एक दोहरे शतक की मदद से 700 से ज्यादा रन बनाए थे। अब वह इस साल एक हजार टेस्ट रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। हालांकि, साल के आखिर में भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया का दौरा भी करेगी। पिछले साल वेस्टइंडीज के खिलाफ जायसवाल ने डेब्यू किया था और उसके बाद से वह लगातार भारत के लिए रन बनाते आ रहे हैं।
ऑस्ट्रेलिया दौरे पर नजर
अब इस युवा बल्लेबाज की नजरें होने वाले ऑस्ट्रेलिया दौरे पर हैं। ऑस्ट्रेलिया में बल्लेबाजी करना किसी भी सूरत में आसान नहीं होता है। वहां की पिचें उछाल भरी होती हैं और बल्लेबाजों के लिए काफी चुनौतीपूर्ण होती हैं। भारत के लिए इस बार ऑस्ट्रेलिया दौरा काफी अहम है। टीम इंडिया की कोशिश ऑस्ट्रेलिया में लगातार तीसरी टेस्ट सीरीज जीतने की है। ऐसे में बहुत जरूरी है कि यशस्वी का बल्ला रन उगले।