Haryana Oath Ceremony Live: हरियाण में दूसरी बार नायब सिंह सैनी ने मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले ली है। पंचकूला में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और एनडीए के शीर्ष नेता मौजूद हैं। देशभर से करीब डेढ़ दर्जन एनडीए नेता भी यहां पहुंचे हैं।
यह शपथ ग्रहण हरियाणा के लिए ऐतिहासिक कार्यक्रम है क्योंकि हरियाणा में बीजेपी की लगातार तीसरी बार सरकार बनी है। नायब सिंह सैनी के साथ 10 से 12 मंत्री भी शपथ ले रहे हैं हरियाणा में 5 अक्टूबर को चुनाव हुए थे जिसमें बीजेपी ने 90 में से 48 सीटें जीतीं थी वहीं कांग्रेस ने 37 सीटों पर जीत दर्ज की थी।
इन नेताओं ने ली मंत्री पद की शपथ
अनिल विज
अंबाला कैंट से बीजेपी विधायक अनिल विज ने सीएम सैनी के बाद दूसरे नंबर पर शपथ ली। अनिल विज अंबाला कैंट से विधायक हैं। वह इससे पहले भी राज्य सरकार में गृह और स्वास्थ्य मंत्री रह चुके हैं। 70 के दशक में संघ से जुड़े विज पंजाबी बिरादरी से आते हैं और लगातार सातवीं बार विधायक बने हैं।
किशन लाल पंवार
हरियाणा में बीजेपी के कद्दावर दलित नेता पवार इसराना विधानसभा सीट से छठी बार विधायक बने हैं। साल 2015 से 2019 तक भी वह हरियाणा सरकार में मंत्री रह चुके हैं। मनोहर लाल सरकार में परिवहन, आवास, जेल मंत्री रह चुके हैं।
रणबीर गंगवा
रणबीर गंगवा बरवाला सीट से बीजेपी विधायक हैं। वह विधानसभा में डिप्टी स्पीकर भी रह चुके हैं। पिछड़े तबके से आने वाले रणबीर गंगवा साल 2014 में पहली बार नलवा सीट से विधायक बने थे। वह तीन बार के विधायक हैं।
श्याम सिंह राणा
हरियाणा में बीजेपी का अहम राजपूत चेहरा श्याम सिंह राणा ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली है। साल 2014 में वह बीजेपी से विधायक बने थे लेकिन साल 2019 में उन्हें टिकट नहीं दिया गया था। 2020 में उन्होंने किसान बिल पर बीजेपी छोड़ दी थी। यमुनानगर की रदौर सीट से विधायक श्याम सिंह इनेलो में रह चुके हैं।
अरविंद कुमार शर्मा
सोनीपत की गोहाना सीट से विधायक अरविंद कुमार शर्मा ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली है। वह चार बार सांसद भी रह चुके हैं। हरियाणा में बीजेपी का प्रमुख ब्राह्मण चेहरा साल 2014 में कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में आए थे। पेशे से डेंटल सर्जन शर्मा बीजेपी का प्रमुख चेहरा हैं।
Read Also: Delhi: योगी राजनाथ सिंह समेत 9 बड़े नेताओं की सुरक्षा से हटेंगे NSG कमांडो, अब यह यूनिट संभालेंगी जिम्मेदारी
विपुल गोयल
फरीदाबाद सीट से विधायक बने विपुल गोयल ने एक बार फिर राज्य सरकार में मंत्री पद की शपथ ली है। इस बार उन्होंने 48 हजार से ज्यादा मतों से जीत हासिल की थी। साल 2016 में पहली बार वह मनोहर लाल सरकार में मंत्री बने थे। वैश्य समुदाय से आने वाले गोयल दो बार के विधायक हैं। साल 2019 में उन्हें टिकट नहीं मिला था।
महिपाल ढांडा
पानीपत ग्रामीण से बीजेपी विधायक महिपाल ढांडा ने भी कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली। जाट बिरादरी से ताल्लुक रखने वाले महिपाल ढांडा पहले भी राज्य सरकार में विकास एवं पंचायत व सहकारिता राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार रह चुके हैं। लगातार तीन बार के विधायक हैं।
राव नरबीर सिंह
चौथे नंबर पर राव नरबीर सिंह ने कैबिनेट मंत्री पद की शपथ ली थी। यादव समुदाय से आने वाले नरबीर सिंह गुरुग्राम से सटी बादशाहपुर सीट से विधायक हैं। चार बार के विधायक रह चुके नरबीर सिंह खट्टर सरकार में भी मंत्री रह चुके हैं। इस बार उन्होंने 60 हजार से अधिक वोटों से जीत हासिल की थी।
कैबिनेट में रखा गया जातिय समीकरण पर ध्यान
नायब सिंह सैनी कैबिनेट को जातीय और क्षेत्रीय समीकरणों के आधार पर संतुलित किया गया है। कैबिनेट में 2 दलित, 2 ब्राह्मण 2 जाट, 4 ओबीसी एक राजपूत और एक पंजाबी और एक बनिया पंजाबी होंगें।
पंजाबी: अनिल विज
दलित: कृष्ण लाल पंवार, कृष्ण कुमार बेदी
ब्राह्मण: अरविंद शर्मा, गौरव गौतम
जाट: श्रुति चौधरी, महिपाल ढांडा
ओबीसी: राव नरबीर सिंह, आरती राव, रणबीर सिंह गंगवा, राजेश नागर गुरजकर
बनिया: विपुल गोयल
राजपूत: श्याम सिंह राणा