Haryana Live Voting Update: हरियाणा चुनाव के लिए सभी सीटों के लिए मतदान जारी है। दोपहर एक बजे तक 36.69 फीसदी मतदान हो गया है। नूंह में सबसे ज्यादा 42.64 फीसदी और सबसे कम मतदान पंचकूला 25.89 फीसदी हुआ है। प्रदेश में मतदान सुबह सात बजे से शाम 6 बजे तक किया जाएगा। चुनाव का परिणाम 8 अक्टूबर को घोषित किया जाएगा।
मतदान के बीच नूंह में दो जगहों पर पथराव हुआ। पहले चंदेनी गांव में कांग्रेस प्रत्याशी आफताब अहमद और इनेलो-बसपा प्रत्याशी ताहिर हुसैन के समर्थक भिड़ गए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पत्थर बरसाए। इसको देखते हुए पोलिंग बूथ पर पुलिस बल तैनात किया गया। मौके पर पहुंचकर डीएसपी सुरेंद्र कुमार ने मोर्चा संभाला। इसके बाद पुन्हाना के ख्वाजा कलां में कांग्रेस और आजाद कैंडिडेट के समर्थकों के बीच पथराव हुआ।
नूंह में पथराव के बाद मतदान जारी है। क्षेत्र में सुरक्षाबलों को बढ़ा दिया है। वहीं, हिसार में फर्जी मतदान को लेकर कांग्रेस और बीजेपी समर्थकों में भिड़ंत हो गई। नारनौंद से बीजेपी प्रत्याशी कैप्टन अभिमन्यु और कांग्रेस प्रत्याशी जस्सी पेटवाड़ के समर्थक आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे चले। एक-दूसरे पर फर्जी वोटिंग कराने का आरोप लगाया।
कई जगहों पर झड़प
महेंद्रगढ़ जिला में नांगल चौधरी के धोखेरा गांव में मतदान के दौरान कांग्रेस और बीजेपी कार्यकर्ताओं में झड़प हो गई। बीजेपी का आरोप है कि कांग्रेस कैंडिडेट मंजू चौधरी के समर्थकों ने बूथ पर कब्जा करने की कोशिश की। रोहतक के महम से भी खबर सामने आई है कि हरियाणा जनसेवक पार्टी (HJP) के उम्मीदवार एवं पूर्व विधायक बलराज कुंडू ने कांग्रेस कैंडिडेट बलराम दांगी के पिता पर हमले का आरोप लगाया। धक्का मुक्की में उनके कपड़े फट गए।
दूसरी ओर, जींद के जुलाना में बूथ कैप्चरिंग की शिकायत मिली। सूचना मिलने के बाद बीजेपी प्रत्याशी कैप्टन योगेश बैरागी भी मौके पर पहुंचे। इस दौरान कुछ लोगों ने उनका विरोध किया। इस बीच धक्का मुक्की भी की गई। हालांकि, बाद में शांतिपूर्ण माहौल में मतदान शुरू हो गया।
Read Also: http://Haryana Chunav 2024: मतदान के बीच बोलीं कुमारी शैलजा, ‘बीजेपी हमेशा स्वागत के लिए तैयार’