Jammu Kashmir Baramula Terror Attack: जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव का प्रचार प्रसार जोरों पर है। सियासी दल लगातार अपनी-अपनी जीत का दावा कर जनता के बीच जा रहे हैं और कल्याणकारी योजनाओं से घाटी के विकास का बिगुल फूंक रहे हैं। घाटी में 18 सितंबर को पहले चरण का मतदान होना है। 25 सितंबर और पांच अक्टूबर को दूसरे और तीसरे चरणों का मतदान किया जाएगा।
चुनाव से पहले बारामूला इलाके में चल रही मुठभेड़ में तीन आतंकी ढेर हो गए। मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात तक मुठभेड़ जारी रही और सर्च ऑपरेशन अभी भी चल रहा है। देर रात उत्तरी कश्मीर जिले के पट्टन इलाके के चक टपर में घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया गया था।
जम्मू-कश्मीर पुलिस के अनुसार, आतंकियों द्वारा सुरक्षाबलों के एक तलाशी दल पर गोलीबारी की गई थी, जिसके बाद अभियान मुठभेड़ में बदल गया। सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अब तक तीन दहशतगर्द ढेर हो गए। आतंकी की पहचान और उसके समूह का पता लगाया जा रहा है फिलहाल इलाके में ऑपरेशन जारी है।
किश्तवाड़ में दो जवान शहीद
बीते शुक्रवार किश्तवाड़ में भी आतंकियों और सुरक्षाबलों में मुठभेड़ हुई थी। जिसमें सेना के दो जवान बलिदान हो गए थे। किश्तवाड़ में जिस जगह पर हमला हुआ वहां से 20 किमी दूर प्रधानमंत्री मोदी ने जनसभा को संबोधित करने वाले हैं। पीएम की जनसभा के कुछ घंटे पहले हुए हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं।
बता दें कि, जम्मू-कश्मीर में धारा 370 हटने के बाद पहली बार भारतीय संविधान के अनुसार विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं। चुनाव आयोग ने यहां तीन चरणों में चुनाव को पूरा करने का ऐलान किया है। 18 और 25 सितंबर के बाद 5 अक्टूबर को आखिरी चरण में वोटिंग होगी। 8 अक्टूबर को चुनाव का परिणाम घोषित किया जाएगा।
Read Also:http://Delhi Excise Policy: तिहाड़ जेल से केजरीवाल रिहा, चांदगी राम अखाड़े से शुरू करेंगे रोड शो