Delhi Excise Policy: दिल्ली के कथित शराब घोटाले में आम आदमी पार्टी के संरक्षक और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को एक बार फिर से अदालत से झटका लगा है। राउज एवेन्यू कोर्ट ने केजरीवाल की न्यायिक हिरासत को 11 सितंबर तक बढ़ा दी है। सीबीआई से जुड़े मामले में केजरीवाल की न्यायिक हिरासत आज समाप्त हो रही थी। जिसके बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया गया था। इस दौरान केजरीवाल के वकील ने जमानत बढ़ाने के फैसले का विरोध किया और अदालत से जमानत पर सुनवाई के लिए कहा।
केजरीवाल के खिलाफ सीबीआई के खिलाफ दायर आरोप पत्र पर कोर्ट ने संज्ञान लिया। सीबीआई ने केजरीवाल, दुर्गेश पाठक, विनोद चौहान, आशीष माथुर और सरथ रेड्डी के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया है। अदालत ने पांचों आरोपियों को पेश होने के समन जारी किया था। बता दें कि, इस मामले की सुनवाई विशेष न्यायाधीश कावेरी बावेजा की अदालत ने की।
26 जून को हुई थी गिरफ्तारी
गौरतलब है कि, जांच एजेंसी ने अरविंद केजरीवाल को 26 जून को गिरफ्तार किया था। वह अभी दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद हैं। हालांकि, शराब नीति से जुडे़ ईडी मामले में उन्हें सुप्रीम कोर्ट से अंतरिम जमानत मिल चुकी है। ईडी ने केजरीवाल को 21 मार्च को गिरफ्तार किया था। वहीं आबकारी नीति से जुड़े मामले में लगभग 23 महीनों तक जेल में रहने के बाद आम आदमी पार्टी के पूर्व संचार प्रमुख विजय नायर को सुप्रीम कोर्ट ने 2 सितंबर को जमानत दे दी है।
नायर की जमानत से आप खुश
विजय नायर को जमानत मिलने के बाद आम आदमी पार्टी ने इसे सत्य की जीत बताया था। आप ने कहा कि धीरे-धीरे बीजेपी की साजिश धाराशाई हो रही है। बीजेपी ने हमारी पार्टी को तोड़ने का काम किया है। हमारे नेताओं को झूठे मामलों में फंसाया और जेल में डाला। आप ने आगे कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने मनीष सिसोदिया को जमानत दे दी और अब विजय नायर को जमानत दी है। अब जल्द ही अरविंद केजरीवाल बाहर आएंगे। हमारी पार्टी एकजुट है और बीजेपी की तानाशाही के खिलाफ लड़ाई जारी रखेगी।