Hathras Stampede Update: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में मंगलवार को हुई भगदड़ में अब तक 121 लोगों की मौत की पुष्टि हो गई है और घायलों का अस्पताल में ईलाज चल रहा है। अब सवाल उठ रहा है कि आखिर इस दर्दनाक घटना का जिम्मेदार कौन है। 24 घंटे बीत जाने के बाद घटना का गुनाहगार फरार है। कार्यक्रम आयोजक खुद बाबा नारायण साकार हरि उर्फ भोले बाबा लापता है। उसके बारे में किसी को कोई खबर नहीं है। मुख्य सेवादार और आयोजन समिति का प्रभारी देव प्रकाश का मधुकर भी अब तक पुलिस के हाथ नहीं आया है। पुलिस एफआईआर में देव प्रकाश को मुख्य आरोपी बनाया गया है।
बता दें कि, घटना मंगलवार को हाथरस जिले के सिकंदराराऊ क्षेत्र के फुलराई गांव में हुई। यहां मानव मंगल मिलन सद्भावना समिति ने 150 बीघा के खुले मैदान में सत्संग आयोजित किया था। पुलिस एफआईआर के अनुसार, 80 हजार लोगों के कार्यक्रम में शामिल होने की अनुमति ली गई और तीन गुना ज्यादा यानी ढाई लाख लोगों की भीड़ जुटा ली गई। व्यवस्थाएं भी खुद बाबा के सेवादार और आयोजन समिति से जुड़े लोग संभाले हैं।
पुलिस के सिर्फ 40 जवान मौके पर थे। जो लोग मारे गए हैं, वे धार्मिक उपदेशक भोले बाबा के ‘सत्संग’ में शामिल होने पहुंचे थे। फिलहाल, सरकारी अस्पताल के अंदर बर्फ की सिल्लियों पर शव पड़े हुए हैं। पीड़ितों के रिश्तेदार रोते-बिलखते देखे जा रहे हैं। ये लोग शवों को घर वापस ले जाने के लिए अस्पताल के बाहर इंतजार कर रहे हैं। मंगलवार रात से ही शवों का पोस्टमार्टम जारी है।
एफआईआर में मुख्य आरोपी कौन-कौन ?
पुलिस ने एफआईआर में कार्यक्रम के बाबा को मुख्य आरोपी नहीं बनाया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी आयोजक और सेवादार देवप्रकाश मधुकर को बनाया है। दूसरे नंबर पर अन्य आयोजक और अन्य सेवादार आरोपी हैं। किसी का नाम नहीं है। देवप्रकाश सिकंदराराऊ का रहने वाला है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105, 110, 126 (2), 223, 238 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस लगातार फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।