Uttarakhand Hadsa: देवभूमि उत्तराखंड के बद्रीनाथ हाईवे पर दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे में 10 श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 13 घायल हो गए। सूचना पर पहुंची एसडीआरएफ ने रेस्क्यू शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि श्रद्धालु बद्रीनाथ धाम दर्शन के लिए जा रहे थे और हादसा बद्रीनाथ हाईवे पर हुआ है। ट्रैवलर टैंपो अनियंत्रित होकर अलकनंदा नदी में गिर गया। टैंपो में उत्तर प्रदेश और दिल्ली के 23 श्रद्धालु सवार थे।
पुलिस और एसडीआरआफ की टीम मौके पर पहुंच गई और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया है। गंभीर घायलों को हेलिकॉप्टर से ऋषिकेश एम्स भेजा जा रहा है। पुलिस अधीक्षक अशोक भदाणे ने कहा कि रुद्रप्रयाग में रैंतोली के पास एक टैंपो ट्रैवलर हाईवे से खाई में गिर गया। स्थानीय लोग, एसडीआरएफ, फायर सर्विस, जिला आपदा प्रबंधन और जल पुलिस रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है।
बता दें कि, जहां हादसा हुआ, वहां रेलवे प्रोजेक्ट का काम चल रहा है। तीन मजदूर लोगों को बचाने नदी में कूदे और इनमें से 2 वापस आ गए लेकिन, एक मजदूर की हादसे में मौत हो गई। जहां ट्रैवलर गिरी वह जगह 250 फीट गहरी बताई जा रही है। रेस्क्यू टीम लगातार लोगों को बाहर निकालने का प्रयास कर रही है।
Read Also: UP: फरार खनन माफिया इकबाल पर ईडी का बड़ा एक्शन, 4440 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त
सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध- धामी
उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर दुख जताया। उन्होंने कहा- स्थानीय प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमें राहत और बचाव कार्यों में जुटी हैं। घायलों को नजदीकी चिकित्सा केंद्र पर उपचार के लिए भेज दिया गया है। जिलाधिकारी को घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। हम लगातार प्रदेश में लोगों की सुरक्षा और सेवा के लिए प्रतिबद्ध है।
Read Also: Chhattishgarh: नक्सलियों पर सुरक्षाबलों का बड़ा ऑपरेशन, 8 नक्सली ढेर एक जवान शहीद