LokSabha Election 2024 Manmohan Singh: लोकसभा चुनाव के आखिरी चरण के मतदान के लिए आज चुनाव प्रचार का शोर थम जाएगा और एक जून शनिवार को सातवें चरण के मतदान होना है। इस चरण में पंजाब की सभी 13 सीटों पर वोटिंग की जाएगाी। मतदान से पहले पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने एक भावुक पत्र लिखा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को नसीहत दी है, इसके अलावा पंजाब की जनता से लोकतंत्र की मजबूती, विकासोन्मुखी, देश की एकता और अखंडता, समृद्ध भारत के लिए कांग्रेस के पक्ष में वोटिंग की अपील की है।
दरअसल, पू्र्व प्रधानमंत्री ने लिखी चिट्ठी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को नसीहत दी कि वह प्रधानमंत्री पद की गरिमा और महिमा को बनाए रखें। वह इस समय पूरे देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, उन्हें चुनावी सभाओं में तुष्टिकरण और हेट स्पीच से बचना चाहिए। देश के प्रधानमंत्री की नैतिक और संवैधानिक जिम्मेदारी पूरे देश को एक साथ लेकर चलने की है।
ध्रुवीकरण कर रहे पीएम- पूर्व पीएम
आम चुनाव 2024 में प्रधानमंत्री के द्वारा दिए गए भाषणों की उन्होंने निंदा की और इस तरह के भाषणों से बचने की नसीहत दी। उन्होंने चिट्ठी में आगे लिखा कि पीएम मोदी ने पीएम पद की गरिमा को खोया है। ध्रुवीकरण का घिनौना तरीका अपनाया, यह एक मजबूत और स्वस्थ लोकतंत्र के लिए निकट भविष्य में खतरा पैदा कर सकता है।
पूर्व प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि, मैंने इस चुनाव का बहुत नजदीकी से अनुसरण किया है और मेरे इतने समय के राजनीतिक काल में यह पहली बार है कि भारत का प्रधानमंत्री एक व्यक्तिगत समाज और धर्म को निशाना बनाए हुए है। भारत के इतिहास में किसी भी प्रधानमंत्री ने समाज के विशेष धर्म या वर्ग को निशाना बनाते हुए इस तरह के असंसदीय शब्दों का अपने भाषणों में प्रयोग नहीं किया है। PM मोदी ने प्रधानमंत्री पद की गरीमा को कम करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है।
इस दौरान उन्होंने किसान आंदोलन का जिक्र किया और उदाहरण देते हुए कहा कि बीजेपी शुरू से पंजाब के लोगों के खिलाफ रही है। मैंने अपने जीवन में प्रधानमंत्री के पद पर रहते हुए कभी भी देश के एक समुदाय को दूसरे समुदाय से अलग नहीं किया। यह कांग्रेस की विचारधारा रही है, लेकिन अब बीजेपी खुलकर ध्रुवीकरण पर आमादा हो गई है। यह कॉपीराइट सिर्फ बीजेपी के पास है।
विपक्ष ने वीर सैनिकों का किया अपमान- पीएम
गौरतलब है कि, पंजाब की सभी सीटों पर एक जून को मतदान होना है। इसी कड़ी में आज प्रधानमंत्री मोदी ने होशियारपुर में जनता को संबोधित किया। अपने संबोधन में एक बार फिर से उन्होंने विपक्षी गठबंधन को निशाने पर लिय़ा कहा कि इंडी गठबंधन मेरा मुंह न खुलवाएं, इनकी सात पीढ़ियों की पोल खोल सकता हूं।
प्रधानमंत्री ने सर्जिकल स्ट्राइक का उदाहरण देते हुए कहा कि इंडी के नेताओं ने सबूत मांगकर भारत के सैनिकों का अपमान किया। भारत के वीर जवानों पर भी राजनीति करके यह लोग देश का उद्धार कभी नहीं कर सकते। पूरे देश की जनता इनका असली चेहरा पहचान चुकी है।