Loksabha Chunav 2024 Sixth Phase: लोकसभा चुनाव में छठे चरण का चुनाव प्रचार थम गया है और 8 राज्यों की 58 सीटों पर मतदान 25 मई शनिवार को होना है। इस चरण में कई पूर्व मुख्यमंत्री और केन्द्रीय मंत्री चुनावी मैदान में हैं।
जम्मू-कश्मीर की अनंतनाग-राजौरी सीट पर तीसरे फेज में चुनाव होना था, लेकिन इसे स्थगित कर दिया गया था। अब यहां छठे फेज में वोटिंग होनी है। जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती अनंनतनाग-राजौरी लोकसभा सीट से गुलाम नबी आजाद के खिलाफ चुनाव लड़ रही है।
साल 2019 में इन सीटों में सबसे ज्यादा बीजेपी ने 58 में से 40 सीटों पर कब्जा किया था। बसपा 4, बीजेडी 4, सपा एक, जेडीयू 3, टीएमसी 3, एलजेपी एक, आजसू एक सीट पर जीती थीं। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी इन सीटों पर अपना खाता भी नहीं खोल पाई थी।
शनिवार को होने वाले चुनाव में तीन केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, कृष्णपाल सिंह गुर्जर और राव इंद्रजीत सिंह मैदान में हैं। तीन पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती, मनोहर लाल और जगदंबिका पाल भी चुनावी ताल ठोक रहे हैं।
इनके अलावा मनोज तिवारी, मेनका गांधी, नवीन जिंदल, बांसुरी स्वराज, संबित पात्रा, राज बब्बर, निरहुआ भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। चुनाव आयोग के मुताबिक, छठे चरण में 889 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। इनमें 797 पुरुष और 92 महिला प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं।
अब तक 429 सीटों पर हुआ मतदान
इस चरण में सबसे अमीर प्रत्याशी की बात की जाए तो हरियाणा के कुरुक्षेत्र सीट से बीजेपी प्रत्याशी नवीन जिंदल हैं। उनके पास 1241 करोड़ रुपए की अकूत संपत्ति है। 543 लोकसभा सीटों में पांचवे फेज तक 429 सीटों पर मतदान हो गया है। 25 मई तक कुल 487 सीटों पर मतदान पूरा हो जाएगा। आखिरी और सातवें फेज में 56 सीटों पर वोटिंग होगी।