Radhika Khera Shekhar Suman Join BJP: लोकसभा चुनाव के बीच कांग्रेस की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही है। अब कांग्रेस से इस्तीफा देने के बाद राधिका खेड़ा ने अभिनेता शेखर सुमन के साथ बीजेपी का दामन थाम लिया। दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में दोनों ने पार्दी की सदस्यता ग्रहण की है।
कांग्रेस की राष्ट्रीय मीडिया समन्वयक राधिका खेड़ा ने छत्तीसगढ़ कांग्रेस के संचार विभाग के चेयरमैन सुशील आनंद शुक्ला पर गंभीर आरोप लगाते हुए पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। राधिका ने कहा था कि सुशील ने मुझे शराब ऑफर की थी। उन्होंने रात को मेरे कमरे का दरवाजा खटखटाया था।
कांग्रेस पार्टी से अपने इस्तीफे पर राधिका खेड़ा ने कहा था कि मैंने हमेशा सुना है कि कांग्रेस राम विरोधी, सनातन विरोधी और हिंदू विरोधी है, लेकिन मैंने कभी इस पर विश्वास नहीं किया। महात्मा गांधी हर बैठक की शुरुआत ‘रघुपति राघव राजा राम’ से करते थे। लेकिन, आज की कांग्रेस और पहले की कांग्रेस में जमीन आसमान का अंतर आ चुका है।
मुझे असलियत तब पता चली जब मैं अपनी दादी के साथ राम मंदिर गई और वहां से लौटने के बाद मैंने अपने घर के दरवाजे पर ‘जय श्रीराम’ का झंडा लगा दिया और उसके बाद कांग्रेस पार्टी मुझसे नफरत करने लगी। जब भी मैंने तस्वीरें या वीडियो पोस्ट किए तो मुझे डांटा गया और पूछा गया कि जब चुनाव चल रहे थे तो मैं अयोध्या क्यों गई?
Read Also: Loksabha Election 2024: मुस्लिम आरक्षण पर ‘मुलायम’ हुए लालू, बोले- मिलना चाहिए आरक्षण
शेखर सुमन की दूसरी पारी शुरू
वहीं, बॉलीवुड अभिनेता शेखर सुमन ने भी बीजेपी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है। इससे पहले वह साल 2009 में कांग्रेस के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ चुके हैं। बिहार की पटना साहिब सीट से वह बीजेपी के प्रत्याशी शत्रुघ्न सिन्हा से हार का सामना कर चुके हैं। इसके बाद सुमन ने साल 2012 में कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। इसके पीछे उन्होंने निजी और व्यावसायिक व्यस्तता बताई थी।