Loksabha Election 2024 PM Narendra Modi: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा को लेकर जबरदस्त हमला बोला। प्रधानमंत्री ने झारखंड के सिंहभूम में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) दोनों पार्टियों का काम भ्रष्टाचार करना है। इन पार्टियों ने पूरे प्रदेश को ढ़ीमक की तरह चाटने का काम किया है। पूर्व सीएम हेमंत सोरेन भ्रष्टाचार के मामले में जेल में बंद है। हाईकोर्ट ने सोरेन को जमानत देने से इंकार कर दिया।
अपने संबोधन में पीएम ने कहा कि आपका ये प्यार और आशीर्वाद यही मोदी की ताकत है। बीजेपी और झारखंड का रिश्ता दिल का है। झारखंड के लोगों की भावनाओं को अगर कोई समझता और सुलझाता है तो वो सिर्फ और सिर्फ बीजेपी है। हमने बाबा साहेब की जयंती पर आयुष्मान भारत योजना लॉन्च की और वो भी झारखंड की भूमि से की।
आज गरीबों को 5 लाख रुपए तक का इलाज मुफ्त मिल रहा है। मुद्रा योजना की शुरुआत हमने झारखंड के दुमका से की। इसी तरह मोदी की गारंटी की गाड़ी भी हमने झारखंड के खूंटी से शुरू की इसलिए तो मैं कहता हूं- झारखंड और बीजेपी का दिल का नाता है।
कांग्रेस ने आदिवासियों को नकारा- पीएम
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा, कांग्रेस ने आदिवासियों के बलिदान को कभी सम्मान नहीं दिया। कांग्रेस आजादी का पूरा श्रेय केवल एक परिवार को देना चाहती है, लेकिन ये बीजेपी है, जिसने भगवान बिरसा मुंडा के जन्मदिन को एक और पहचान दी- इस दिन को हमने जनजातीय गौरव दिवस मनाने की शुरुआत की है।
उन्होंने कहा, हम देशभर में जनजातीय गौरव के लिए जनजातीय म्यूजियम बना रहे हैं, लेकिन कांग्रेस को आदिवासियों के इतिहास का सम्मान पसंद नहीं है। वो जनजातीय समाज के लोगों को आगे बढ़ने देना नहीं चाहते हैं। लेकिन कांग्रेस और इंडी गठबंधन ने एक आदिवासी महिला (श्रीमती द्रौपदी मुर्मू) को भारत के राष्ट्रपति बनाने का घोर विरोध किया।