Loksabha Election 2024 2nd Phase Bengal Violence: लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान 13 राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों की 88 सीटों पर जारी है। केरल की 20 और मणिपुर की बाहरी सीटों पर सुबह से शांतिपूर्ण मतदान जारी है। इसके अलावा कर्नाटक में 14, राजस्थान में 13, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में 8-8, मध्य प्रदेश में 6, असम और बिहार में 5-5, पश्चिम-बंगाल और छत्तीसगढ़ में 3-3, त्रिपुरा की 1, और जम्मू-कश्मीर की दोनों लोकसभा सीटों पर वोटिंग हो रही हैं। इस बीच बंगाल से एक बार फिर से हिंसा की खबर सामने आई है।
वहीं, दूसरे फेज में कुल 16 करोड़ मतदाता वोटिंग करेंगे। वोटिंग के लिए 1 लाख 67 हजार मतदान केंद्र बनाए गए हैं। बता दें कि, पहले चरण में 102 सीटों पर 19 अप्रैल को वोटिंग हुई थी। सातवें और अंतिम चरण में 1 जून को वोटिंग होनी है। लोकसभा चुनाव के नतीजे 4 जून को मतगणना के बाद आएंगे।
कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने मतदान के बाद लोगों से अपील करते हुए कहा कि मेरा लोगों से अनुरोध है, आप सभी के पास एक सुनहरा मौका है। हमें लोकतंत्र का उत्सव मनाना है, देश को बदलाव की जरूरत है। कांग्रेस पार्टी ने एक अच्छा घोषणा पत्र दिया है जो पहली बार वोट करने वालों के लिए बेरोजगारी की समस्या का समाधान करेगा। कर्नाटक में सभी 5 गारंटियों को राज्य में लागू किया जाएगा। मैं सभी लोगों से अपील करता हूं, अपना मताधिकार बर्बाद न करें। आए और वोट करें।
जीत को लेकर आश्वस्त- थरूर
केरल की तिरुवनंतपुरम लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी और मौजूदा सांसद शशि थरूर ने वोट डाला और मीडिया से बातचीत के बाद कहा कि मैं, जीत को लेकर पूरी तरह से आश्वस्त हूं। ऐसा लगता है कि मैं तिरुवनंतपुरम में मतदान करने वाला एकमात्र उम्मीदवार हूं। यहीं मेरा आधार और घर है। मैंने यहां सब कुछ निवेश कर दिया है। हम लोकतंत्र के सिपाही बनकर लोकतंत्र को बचाएंगे।
Read Also: Karnataka: संपत्ति और मंगलसूत्र के बीच कर्नाटक में मठ-मंदिर का मामला गरम, राज्यपाल ने विधेयक लौटाया
दूसरे चरण में शांतिपूर्ण चल रहे मतदान के बीच बंगाल से एक बार फिर हिंसा की खबर सामने आई है। बलूरघाट के एक मतदान केंद्र पहुंचे बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार के सामने गो बैक के नारे लगाए गए। यहां टीएमसी के कार्यकर्ताओं ने सुकांत मजूमदार का विरोध किया। तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि बीजेपी के प्रत्याशी ने यहां तनाव पैदा करने की कोशिश की है, जबकि सुकांत मजूमदार का आरोप है कि टीएमसी के कार्यकर्ताओं ने उनके पोलिंग बूथ एजेंट को पीटा है। उन्होंने यह भी दावा किया है कि टीएमसी के कार्यकर्ता उनके खिलाफ मतदान केंद्र के 100 मीटर अंदर इकट्ठे हो गए थे।
Read Also: Karnataka: संपत्ति और मंगलसूत्र के बीच कर्नाटक में मठ-मंदिर का मामला गरम, राज्यपाल ने विधेयक लौटाया