Loksabha Chunav 2024 Sam Pitroda: लोकसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के बाद दूसरे चरण के मतदान के लिए सियासी पार्टियां प्रचार प्रसार को लेकर जोर लगाए हुए हैं। अब ऐसे में एक दूसरे के ऊपर आरोप प्रत्यारोप से लेकर निजी हमले किए जा रहे हैं। कांग्रेस के दिग्गज नेता सैम पित्रोदा के विरासत टैक्स वाले बयान पर बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने निशाना साधा है। छत्तीसगढ़ के सरगुजा में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के इरादे ठीक नहीं है।
कांग्रेस के खतरनाक इरादे खुलकर सामने आ रहे हैं। इसलिए अब वह देश में विरासत टैक्स लगाने की बात कर रहे हैं। मोदी ने कहा कि कांग्रेस की नजर अब आपकी कमाई, आपके मकान, दुकान, खेत और खलिहानों पर है। कांग्रेस के शहजादे का कहना है कि वे देश के हर घर, हर अलमारी और हर परिवार की संपत्ति का एक्स-रे करेंगे। हमारी माताओं और बहनों के पास जो थोड़ा बहुत स्त्रीधन है, गहने और जेवर हैं। कांग्रेस उनकी भी जांच कराएगी। मां और बहनों के मंगलसूत्र तक छीन लेगी।
प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि कांग्रेस की सरकार आने के बाद वह देश में विरासत टैक्स लगाएगी। अब कांग्रेस की नजर आपकी विरासत पर है। आपने जो संपत्ति अपने बच्चों के लिए बचाकर रखी है, वह अब कांग्रेस छिनने का काम करेगी। कांग्रेस पर अर्बन नक्सल का कब्जा है। वह अब आपकी संपत्ति को छिनने का प्लान बना रही है। आपकी मकान और दुकान छिनना चाहती है।
आगे पीएम ने कहा कि कांग्रेस एलआईसी की तरह काम करती है। कांग्रेस की लूट आपके जिंदा रहने तक जारी रहेगी और अगर आप नहीं रहे तो जिंदगी के बाद भी यह विरासत टैक्स लगाकर लूट को जारी रखेगी। कांग्रेस नहीं चाहती कि भारतीय अपनी संपत्ति को अपने बच्चों को दें। लेकिन, इस देश की जनता कांग्रेस को अपने मंसूबों में कामयाब नहीं होने देगी। कांग्रेस यह लूट मचाकर आपकी विरासत को एक विशेष समुदाय को देना चाहती है।
क्या था बयान
दरअसल, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने कहा था कि अगर चुनाव के बाद कांग्रेस सत्ता में आती है तो एक सर्वे कराया जाएगा, जिसमें यह पता लगाया जाएगा कि किसके पास कितनी संपत्ति है। इस बारे में जब पार्टी के दिग्गज नेता सैम पित्रोदा से पूछा गया तो उन्होंने अमेरिका में लगने वाले विरासत टैक्स का जिक्र किया। इस टैक्स के लागू होने के बाद किसी इंसान की मौत हो जाने पर संपत्ति का 45 फीसदी हिस्सा उसके बच्चों के पास चला जाता है और 55 फीसदी हिस्सा सरकार के पास रह जाता है।
Read Also: Weather Forecast: दिल्ली-एनसीआर में तेज हवाओं के बरसात, मौसम ने फिर बदला मिजाज