West Bengal Protest: पश्चिम-बंगाल में संदेशखाली हिंसा को लेकर बवाल जारी है। संदेशखाली हिंसा के विरोध में वहां जा रहे बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार घायल हो गए। मजूमदार पुलिस के साथ हुई धक्का मुक्की में घायल हुए हैं। आरोप है कि यहां पर पुलिस ने बीजेपी कार्यकर्ताओं के ऊपर लाठीचार्ज कर दिया। पश्चिम बंगाल बीजेपी अध्यक्ष सुकांत मजूमदार को बशीरहाट मल्टी-फैसिलिटी अस्पताल ले जाया गया है। अब उन्हें कोलकाता ले जाने की तैयारी हो रही है।
इससे पहले बीजेपी अध्यक्ष ने पुलिस पर आरोप लगाया था कि पुलिस उन्हें उत्तर 24 परगना जिले के अशांत संदेशखाली जाने से रोक रही है। पुलिस उनके लॉज की घेराबंदी कर रही है। बुधवार दोपहर प्रदेश अध्यक्ष ने संदेशखाली प्रदर्शनकारियों से मिलने का ऐलान किया था। जिसके बाद से पुलिस संदेशखाली जाने से रोक रही थी।
बता दें कि, यह संघर्ष तब शुरू हुआ जब पार्टी कार्यकर्ता संदेशखाली में प्रवेश करने से रोके जाने के बाद पुलिस कर्मियों से भिड़ गए थे। संदेशखाली में महिलाएं तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) नेता शाजहां शेख और उनके सहयोगियों द्वारा उनके खिलाफ किए गए कथित अत्याचारों को लेकर आंदोलन कर रही हैं।
इलाके में धारा 144 लागू
इससे पहले दिन में बंगाल पुलिस ने सुकांत मजूमदार को उत्तर 24 परगना जिले के ताकी में एक गेस्ट हाउस से बाहर निकलने से रोक दिया। बीजेपी नेताओं को संदेशखाली की ओर जाने से रोकने के लिए भारी पुलिस तैनाती की गई, जहां धारा 144 लागू कर दी गई है। हालांकि, बीजेपी नेताओं ने निषेधाज्ञा का उल्लंघन किया और संदेशखाली की ओर अपना मार्च जारी रखा, जिससे पुलिस के साथ झड़प हो गई।
महिलाओं के साथ हो रहा दुष्कर्म- बीजेपी
बीजेपी ने संदेशखाली को लेकर ममता बनर्जी सरकार को जमकर घेरा। बीजेपी प्रवक्ता ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि बंगाल में महिलाओं के ऊपर अत्याचार किया जा रहा है। टीएमसी सरकार पुलिस को कमजोर कर रही है। जिससे पार्टी के गुंडे हमारी हिन्दू बहनों और महिलाओं के साथ अत्याचार और दुष्कर्म कर रहे हैं। यह पूरे देश के लिए बड़ी शर्मिंदगी की बात है।