Bengal: ईडी पर हमले के बाद राज्यपाल बोस की ममता को सख्त चेतावनी, ‘ये कोई बनाना रिपब्लिक नहीं’

Bengal Governor Warning: पश्चिम-बंगाल में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम पर हुए हमले के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। प्रदेश के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने ममता सरकार को कड़ी चेतावनी दी है। राज्यपाल बोस का कहना है कि यह बनाना रिपब्लिक नहीं है। राज्य में शांति और कानून व्यवस्था स्थापित करना एक सभ्य सरकार का कर्तव्य है।

ममता सरकार को चेतावनी देने के बाद राज्यपाल ने गृह सचिव और डीजीपी को तलब किया है। राज्यपाल का कहना है कि यह एक बेहद चिंताजनक घटना है। राज्य में ऐसी बर्बरता को रोकना कानून व्यवस्था का काम है। अगर यह काम नहीं किया जाएगा तो संविधान अपना रास्ता अपनाएगा। मैं उचित कार्रवाई के लिए अपने संवैधानिक विकल्प का उपयोग कर सकता हूं।

यह है पूरा मामला

बता दें कि, आज कोलकाता और उससे सटे जिले उत्तर 24 परगना में कुल 12 जगहों पर तलाशी अभियान के दौरान ईडी पर हमला किया गया। उत्तर 24 परगना के संदेशखाली इलाके में तृणमूल नेता शाहजहां शेख के घर ईडी छापेमारी करने पहुंची थी। ईडी की टीम पर बड़ी संख्या में उनके समर्थकों ने हमला बोल दिया।

read also: Haryana: दिलचस्प हुई भिवानी-महेन्द्रगढ़ में चुनावी जंग, अजय चौटाला के बयान से मची सियासी खलबली

इस हमले में कई अधिकारियों को सिर में चोट लगी है। बाद में अधिकारियों को अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। इसके अलावा गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई। बाद में सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लिया। हालांकि, अभी भी इलाके में तनाव का माहौल व्याप्त है।

बीजेपी और कांग्रेस हमलावर

ईडी पर हमले के बाद कांग्रेस और बीजेपी ममता सरकार पर हमलावर हो गए। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सुकांता मजूमदार ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। बीजेपी इस हमले की निंदा करती है। प्रदेश अध्यक्ष ने गृह मंत्री अमित शाह को एनआईए की जांच के लिए पत्र लिखा है।

कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि ईडी पर यह हमला सरकार के गुंडों ने किया है। लोकतंत्र में ऐसी बर्बरता नहीं होनी चाहिए। प्रदेश में कानून व्यवस्था समाप्त हो गई है। इस हमले को लेकर कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

read also: T-20 विश्वकप 2007 में आखिरी ओवर में भारत को चैंपियन बनाने वाले खिलाड़ी के खिलाफ FIR दर्ज, हरियाणा के हिसार का मामला

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *