बिहार में वज्रपात से मौत का तांडव, रोहतास में 5 सहित 12 लोगों की मौत
“बिहार के पटना, अरवल, रोहतास, मुजफ्फरपुर, बांका, पूर्वी चम्पारण समेत अन्य कुछ जिलों में मेघ की मेहरबानी देखी गई। इस दौरान भारी बारिश के साथ बिजली गिरने से 12 लोगों की मौत हो गई।”
पटना: लगभग एक हफ्ते से गर्मी और उमस से परेशान बिहार के लोगों को काफी राहत मिली है। राजधानी पटना समेत अन्य कई जिलों में मॉनसून की मेहरबानी देखी गई। भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर जलजमाव हो गया जिससे यातायात प्रभावित हुई। हालांकि इश दौरान वज्रपात का कहर भी देखा गया। रोहतास, मुजफ्फरपुर, बांका समेत अन्य कई जिलों में वज्रपात से 12 लोगों की मौत की भी खबर सामने आई है। वज्रपात के कारण हुई लोगों की मौत पर सीएम नीतीश कुमार ने शोक व्यक्त किया है। इसके साथा ही मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने का भी ऐलान किया है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि वे आपदा के कहर से प्रभावित परिवारों के साथ हैं। इसके साथ ही उन्होंने लोगों से अपील भी की है कि सभी लोग खराब मौसम में पूरी सतर्कता बरतें और वज्रपात से बचाव के लिये आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा समय-समय पर जारी किये गये सुझावों का अनुपालन करें। सीएम ने मृतक के परिजन को अविलंब चार-चार लाख रूपये अनुग्रह अनुदान देने के निर्देश दिये हैं।
बता दें कि बिहार के पटना, अरवल, रोहतास, मुजफ्फरपुर, बांका, पूर्वी चम्पारण समेत अन्य कुछ जिलों में मेघ की मेहरबानी देखी गई। इस दौरान भारी बारिश के साथ बिजली गिरने से 12 लोगों की मौत हो गई। बिजली गिरने के कारण अरवल जिले में तीन, रोहतास में पांच तथा मुजफ्फरपुर, बांका, पूर्वी चम्पारण एवं नालंदा में एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं आज भी बक्सर, कैमूर और रोहतास में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।