Pakistan Barrister Gauhar: पाकिस्तान में चुनावी घमासान के बीच एक बड़ी ख़बर सामने आई है। पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) ने अपने नए अध्यक्ष का ऐलान किया है। पीटीआई के वरिष्ठ उपाध्यक्ष शेर अफजल मारवत ने साफ कर दिया कि बैरिस्टर गौहर खान पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के अध्यक्ष पद के दावेदार होंगे।
फरवरी में होंगे आम चुनाव
पूर्व पीएम इमरान खान ने पीटीआई नेतृत्व के लिए बैरिस्टर गौहर को अपना उत्तराधिकारी चुना है क्योंकि इमरान खान अब पीटीआई के अध्यक्ष नहीं हैं। आगामी साल 2024 में फरवरी में पाकिस्तान में आम चुनाव होने जा रहे हैं। पाकिस्तान चुनाव आयोग ने पीटीआई से कहा कि अगर अपना चुनाव चिह्न ‘बल्ला’ बरकरार रखना चाहती है तो उसे समय के भीतर चुनाव कराने होंगे।
पार्टी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष शेर अफ़ज़ल मारवत ने बताया कि इमरान खान ने कानूनी मामलों के चलते राष्ट्रीय अध्यक्ष पद छोड़ने का ऐलान किया है। इमरान खान फिलहाल रावलपिंडी की अदियाला जेल में बंद हैं। मारवत की घोषणा के बाद पार्टी के भीतर भ्रम की स्थिति पैदा हो गई। पार्टी ने दावा किया था कि इमरान खान की अपने पद से हटने की कोई योजना नहीं है।
कौन हैं बैरिस्टर गौहर खान?
खैब़र पख्तूनख्वा के बुनेर जिले के रहने वाले बैरिस्टर गौहर खान पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट के वकील हैं। उन्होंने ब्रिटेन की वॉल्वरहैम्प्टन यूनिवर्सिटी से कानून की पढ़ाई की और अमेरिका के वाशिंगटन स्कूल ऑफ लॉ से एलएलएम की डिग्री हासिल की। पीटीआई में शामिल होने से पहले, वह पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी से जुड़े थे। बैरिस्टर गौहर अली खान ने 2008 का आम चुनाव अपने गृहनगर बुनेर NA-28 (वर्तमान में NA-09) से पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के टिकट पर लड़ा था।