SCO Summit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार (20 नवंबर) को नई दिल्ली के पुराने किले में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के पहले ‘सभ्यता संवाद मंच’ का उद्घाटन करेंगे। शाम करीब 5:30 बजे होने वाले इस कार्यक्रम में पीएम मोदी संबोधन भी देंगे। तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में SCO सदस्य देशों के विद्वान, शिक्षाविद, विशेषज्ञ और सांस्कृतिक प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम में पाकिस्तान के मंत्री की भागीदारी भी प्रस्तावित है।
22 नवंबर तक चलेगा आयोजन
SCO का यह सभ्यता संवाद मंच 20 से 22 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य सदस्य देशों के बीच साझा सभ्यतागत विरासत को सामने लाना और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करना है। इसके जरिए अलग-अलग देशों के लोगों के बीच आपसी संपर्क बढ़ाने के साथ सांस्कृतिक संवाद और सहयोग को भी बढ़ावा दिया जाएगा। इस मंच की शुरुआत का प्रस्ताव पीएम मोदी ने वर्ष 2025 में चीन के तियानजिन में आयोजित SCO शिखर सम्मेलन के दौरान रखा था। बाद में बिश्केक घोषणा में भी इस पहल का स्वागत किया गया था।
संगीत और नृत्य से दिखेगी साझा विरासत
उद्घाटन समारोह में ‘सभ्यताओं का संवाद- सांस्कृतिक प्रस्तुति’ कार्यक्रम भी होगा। ‘वसुधैव कुटुम्बकम- पूरा विश्व एक परिवार है’ की थीम पर तैयार इस प्रस्तुति में संगीत, नृत्य और दृश्य कथाओं के माध्यम से भारत और यूरेशिया के बीच ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को दिखाया जाएगा।
पुराने किले में लगेगी खास प्रदर्शनी
कार्यक्रम के दौरान भारत की पुरातात्विक, कलात्मक और साहित्यिक विरासत पर आधारित ‘अस्तित्व- द एसेंस ऑफ आवर एग्जिस्टेंस’ प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी। इसमें 1200 ईसा पूर्व से 1200 ईस्वी तक दिल्ली के इतिहास को पुरातात्विक साक्ष्यों, कलाकृतियों और ऐतिहासिक अवशेषों के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। इसके अलावा 18वीं सदी की दुर्लभ सचित्र महाभारत पांडुलिपि ‘अनंत’ भी प्रदर्शनी का हिस्सा होगी। इसके जरिए भारत की प्राचीन साहित्यिक और सांस्कृतिक परंपराओं को सामने लाया जाएगा।
चार विषयों पर होंगे विशेष सत्र
मंच के दूसरे और तीसरे दिन यानी 21 और 22 नवंबर को चार विषयगत सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें संगीत, नृत्य, वस्त्र, खानपान और पारंपरिक खेलों के साथ कला एवं वास्तुकला पर चर्चा होगी। इसके अलावा भाषाई और साहित्यिक परंपराओं, प्राचीन लिपियों, पांडुलिपियों, मठ परंपराओं और दार्शनिक विचारों से जुड़े विषय भी इन सत्रों में शामिल रहेंगे।