Haryana: गन्ना किसानों को दिवाली का ‘मनोहर’ गिफ्ट, 14 रुपए प्रति क्विंटल बढ़ाया रेट, अगले साल 400 रुपए होगा मूल्य

Haryana: हरियाणा की मनोहर सरकार ने गन्ना किसानों को दिवाली का तोहफा दिया है। सरकार ने गन्ने की अगेती किस्म में 14 रुपए की उल्लेखनीय वृद्धि की है। अब प्रदेश में गन्ने की खरीद 372 से बढ़कर 386 रुपए प्रति क्विंटल की दर से की जाएगी।

सीएम मनोहर लाल ने घोषणा करते हुए कहा कि सरकार किसानों के साथ खड़ी है। अगले साल गन्ने की खरीद 400 रुपए प्रति क्विंटल की दर से की जाएगी। प्रदेश का किसान कड़ा परिश्रम करके गन्ना उपजाता है और प्रदेश की आर्थिक स्थिति को मजबूत करता है। इसके अलावा सरकार 14 फसलों की खरीद एमएसपी पर कर रही है।

अगले साल 400 रुपए प्रति क्विंटल की दर से होगी खरीद

सीएम ने कहा कि पंजाब सरकार ने कहा था कि वह सबसे ज्यादा कीमत 380 रुपए प्रति क्विंटल की दर से खरीद करेगी। लेकिन हरियाणा सरकार किसान हितैषी सरकार है। हरियाणा में इस साल गन्ने की खरीद 386 रुपए प्रति क्विंटल की दर से होगी। अगले साल 400 रुपए प्रति क्विंटल से गन्ना खरीदा जाएगा।

नौ महीने में दूसरी बार बढ़ाई कीमत

गौरतलब है कि हरियाणा सरकार ने नौ महीने में दूसरी बार गन्ने का मूल्य बढ़ाया है। इससे पहले 25 जनवरी को हरियाणा सरकार ने गन्ने की कीमत में 10 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की थी। जनवरी में मूल्य बढ़ने पर राज्य में गन्ने की कीमत 372 रुपए प्रति क्विंटल हो गई थी। इससे पहले राज्य में 362 रुपए की दर से गन्ने की खरीद की जा रही थी।

कृषि मंत्री ने दिए थे संकेत

इससे पहले प्रदेश के कृषि मंत्री जेपी दलाल ने गन्ना मूल्य वृद्धि के संकेत एक सप्ताह पहले गन्ना नियंत्रण बोर्ड की बैठक में दे दिए थे कि सरकार जल्द गन्ने का मूल्य बढ़ा सकती है। उन्होंने कहा था कि वह जल्द ही इस बारे में सीएम से मुलाकात करेंगे। इस दौरान उन्होंने यह भी जानकारी दी कि हरियाणा सरकार ने पेराई सत्र 2022-23 के दौरान गन्ना किसानों को 2,819 करोड़ रुपए का भुगतान किया है। साल 2022-23 के गन्ना पेराई सत्र में विभिन्न चीनी मिलों ने 770.73 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई की, जिसमें 9.70 प्रतिशत की चीनी रिकवरी हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *