ODI WC 2023 Angelo Mathews: क्रिकेट इतिहास में पहली बार बिना गेंद खेले आउट हुआ बल्लेबाज, जानिए क्या है ‘टाइम आउट’ नियम?

ODI WC 2023 Angelo Mathews: भारत में खेले जा रहे आईसीसी वनडे विश्वकप में सोमवार को विवाद खड़ा हो गया। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच 38वां मैच खेला गया। इस मैच में श्रीलंकाई बल्लेबाज एंजेलो मैथ्यूज बिना कोई गेंद खेले आउट हो गए। दरअसल, अपंयार ने अनुभवी खिलाड़ी को क्रीज पर देरी से आने के लिए ‘टाइम आउट’ दे दिया। ऐसा आज तक के क्रिकेट इतिहास में पहली बार हुआ है।

क्रीज पर देरी से आए मैथ्यूज

मैथ्यूज 25वें ओवर की तीसरी गेंद खेलने के लिए मैदान पर आए थे लेकिन बांग्लादेश के कप्तान शाकिब अल हसन ने उनके खिलाफ टाइम आउट की अपील की और फिर उन्हें वापस लौटना पड़ा। यह घटना सदीरा समरविक्रमा के आउट होने के बाद घटी।

हेलमेट की वजह से समय हुआ बर्बाद

श्रीलंकाई बल्लेबाज एंजेलो मैथ्यूज जब बल्लेबाजी करने के लिए आए तो उनके हेलमेट में कुछ समस्या आ रही थी। इसके बाद उन्होंने अपने साथी खिलाड़ी की ओर इशारा किया और दूसरा हेलमेट मंगवाया गया। जिससे काफी समय बर्बाद हो गया। जिसके बाद बांग्लादेश के कप्तान शाकिब अल हसन ने टाइम आउट की अपील कर दी।

वास्तविक ‘टाइम आउट’ नियम क्या है?

ICC के नियमों के मुताबिक, विकेट गिरने के बाद बल्लेबाज को तीन मिनट के भीतर गेंद का सामना करने के लिए तैयार होना पड़ता है। विकेट गिरने या बल्लेबाज के रिटायर हर्ट होने के बाद, आने वाले बल्लेबाज को, जब तक कि समय न बुलाया गया हो, गेंद लेने के लिए तैयार रहना चाहिए, या दूसरे बल्लेबाज को गेंद लेने के 3 मिनट के भीतर अगली गेंद लेने के लिए तैयार रहना चाहिए। अगर समय ज्यादा हो जाएगा इसके बाद विपक्षी कप्तान की अपील पर आउट दे दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *