Chhattishgarh Chunav 2023: छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस लगातार बड़ा दांव खेल रही है। रविवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए बड़ा ऐलान किया। राजनांदगांव में राहुल गांधी ने कहा कि उन्होंने प्रदेश के किसानों के साथ बातचीत की है। किसानों का कहना है कि बीते 5 सालों में कांग्रेस ने जो उनके लिए किया है ऐसा किसी सरकार ने नहीं किया है। राहुल गांधी ने कहा कि बीते 5 साल पहले मैंने एक बैठक में कहा था कि किसानों का कर्जा माफ किया जाएगा।
कांग्रेस ने पूरे किए वादे- राहुल गांधी
प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने अपने सभी वादों को पूरा कर लिया है। उन्होंने कहा कि हमने यह भी कहा था कि छत्तीसगढ़ के किसानों को धान का दाम 2500 रुपए प्रति क्विंटल मिलेगा लेकिन आज हम राज्य में किसानों को 2,640 रुपए प्रति क्विंटल दे रहें हैं। हम इसे आने वाले समय में 3,000 रुपए प्रति क्विंटल तक किया जाएगा।
इस दौरान उन्होंने आगे कहा कि सरकार दो तरह की होती है। एक गरीबों, किसानों, मजदूरों और बेरोजगारों के लिए काम करती है। दूसरी- अडानी जैसे अमीर उद्योगपतियों के लिए काम करती है। मोदी सरकार ने 14 लाख करोड़ रुपए से अडानी जैसे लोगों का कर्ज माफ किया है, लेकिन किसानों का कर्ज माफ नहीं किया।
10 लाख रुपए का होगा स्वास्थ्य बीमा
मोदी सरकार अडानी के लिए काम करती है और कांग्रेस जनता के लिए काम करती है। इसके अलावा छत्तीसगढ़ के लिए कांग्रेस ने नई घोषणा की है। अब छत्तीसगढ़ में 10 लाख रुपए का स्वास्थ्य बीमा मिलेगा। बीजेपी के नेता चाहते हैं कि आपके बच्चे मजदूरी करें और उनके बच्चे विदेश में नौकरी करें। लेकिन कांग्रेस चाहती है कि छत्तीसगढ़ के बच्चे बड़े से बड़ा सपना देखें और उन सपनों को पूरा करें। ये हमारी सोच है।