Gujarat High Court: गुजरात हाईकोर्ट में एक मामले की सुनवाई के दौरान एक विषय पर दो जजों में तीखी नोकझोंक हो गई। नोकझोंक इतनी बढ़ गई कि दोनों जज सुनवाई के दौरान बीच में ही अदालत छोड़ चलते बने। यह नोकझोंक 23 अक्टूबर, सोमवार को न्यायमूर्ति बीरेन वैष्णव और मौना भट्ट के बीच हुई। बेंच में शामिल सीनियर जज न्यायमूर्ति वैष्णव तब नाराज हो गए जब न्यायाधीश मौना भट्ट ने वरिष्ठ न्यायाधीश के कान में बड़बड़ाते हुए अपनी असहमति दर्ज की।
नोकझोंक का वीडियो वायरल
घटना से संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें न्यायमूर्ति वैष्णव एक मामले में आदेश पारित करते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में न्यायमूर्ति भट्ट, बेंच में शामिल न्यायमूर्ति वैष्णव से सहमत नहीं दिखे और उन्होंने कुछ फुसफुसाया, जिस पर न्यायमूर्ति वैष्णव ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए उन्हें अलग आदेश पारित करने के लिए कहा।
बीच में छोड़ दी सुनवाई
वहीं, न्यायमूर्ति वैष्णव ने न्यायाधीश मौना भट्ट से कहा, “आप अलग हैं, यार आप एक मामले में अलग हैं, यहां भी अलग हैं। इस पर जस्टिस भट्ट ने जवाब दिया कि यह अलग होने की बात नहीं है… इस पर जस्टिस बीरेन वैष्णव ने कहा फिर एक अलग आदेश पारित कर दिजिए बड़बड़ाए मत। इसके बाद बेंच का माहौल बहुत संवेदनशील हो गया।
सुनवाई के दौरान इसी बीच न्यायमूर्ति वैष्णव उठे और यह कहते हुए कोर्ट रूम से बाहर चले गए कि बेंच आगे किसी मामले की सुनवाई नहीं करेगी। इस तीखी नोकझोंक के बाद लाइव स्ट्रीम किए गए वीडियो को यूट्यूब से हटा दिया गया।
बता दें कि गुजरात हाईकोर्ट अपनी सभी पीठों की सुनवाई का लाइवस्ट्रीम करता है। इस घटना के बाद बुधवार, 25 अक्टूबर की सुनवाई के लिए यूट्यूब पर उपलब्ध कराए गए लिंक के मुताबिक, जस्टिस वीरेन वैष्णव अब न्यायमूर्ति मौना भट्ट के साथ नहीं बैठ रहे हैं। इनके स्थान पर न्यायमूर्ति भार्गव कारिया को नियुक्त किया गया है। हालांकि पीठ में इस बदलाव को लेकर उच्च न्यायालय की ओर से वेबसाइट पर कोई जानकारी नहीं दी गई।