World Cup 2023: कोहली को लेकर डिविलियर्स की भविष्यवाणी, बोले-एक और वर्ल्ड कप खेलना मुश्किल

शुभम रावत

नई दिल्ली: भारतीय टीम के विस्फोटक बल्लेबाज विराट कोहली क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में कर शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। आगामी वनडे वर्ल्ड कप में कोहली की फॉर्म भारतीय टीम के लिए काफी अहम होने वाली है। टूर्नामेंट के शुरु होने से पहले आरसीबी के पूर्व खिलाड़ी और विराट कोहली के दोस्त एबी डिविलियर्स ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि विराट कोहली वर्ल्ड कप के बाद क्रिकेट से संन्यास ले लेंगे।

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज जारी है। टीम इंडिया पहले ही दो मैच जीतकर सीरीज पर 2-0 से कब्जा जमा चुकी है। सीरीज का आखिरी मुकाबला 27 सितंबर यानी बुधवार को खेला जाएगा। पहले दो मैच में विराट कोहली समेत कई खिलाड़ियों को आराम दिया गया था। वहीं तीसरे मैच में कप्तान रोहित शर्मा समेत विराट कोहली टीम में नजर आएंगे।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज के बाद भारतीय टीम पांच अक्टूबर से शुरु होने वाले एक दिवसीय विश्व कप की तैयारियों में जुट जाएगी, लेकिन इससे पहले साउथ अफ्रीका के पूर्व धाकड़ बल्लेबाज एबी डिविलियर्स ने किंग कोहली के करियर को लेकर एक बड़ी बात कही है।

एबी डिविलियर्स ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि आगामी वनडे वर्ल्ड कप साल 2027 में साउथ अफ्रीकी सरजमीं पर खेला जाना है। अगले वर्ल्ड कप तक विराट कोहली खेलेंगे, यह मुश्किल है। उन्होंने कहा कि वर्ल्ड कप 2027 में काफी वक्त बाकी है। अगर आप विराट कोहली से पूछेंगे तो वह कहेंगे कि फिलहाल फोकस वर्ल्ड कप 2023 पर है। साथ ही उन्होंने कहा कि अगर टीम इंडिया वर्ल्ड कप जीत गई तो विराट कोहली के लिए इससे बेहतर क्या होगा… यह विराट कोहली के लिए शानदार तोहफा होगा।

वर्ल्ड कप के बाद कोहली लेंगे संन्यास?

एबी डिविलियर्स ने कहा कि इस वर्ल्ड कप के बाद विराट कोहली संभवतः वनडे और टी20 फॉर्मेट को अलविदा कह सकते हैं। हालांकि, विराट कोहली आगामी कुछ सालों तक टेस्ट और आईपीएल खेल सकते हैं। बता दें डिविलियर्स और कोहली आईपीएल की टीम रॉयल चैलेंजर्स बैंग्लोर के लिए कई सालों तक साथ खेले चुके हैं। डिविलियर्स की इस भविष्यवाणी से कोहली के फैंस का दिल टूट गया है। क्योंकि विराट कोहली को उनके प्रशंसक हमेशा क्रिकेट के मैदान पर खेलते हुए देखना चाहते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *