पटना: महिलाओं के साथ बर्बरता और निर्वस्त्र करने का मामले आए दिन सामने आ रहा है। मणिपुर में दो महिलाओ को निर्वस्त्र कर घुमाने की घटना ने पूरे देश को शर्मशार कर दिया था। अब ऐसा ही एक शर्मनाक मामला बिहार से सामने आया है, जहां एक महिला के मुंह में पेशाब कर उसे निर्वस्त्र किया गया।
दरअसल, यह मामला पटना जिले के मोसिमपुर गांव का है। जहां प्रमोद सिंह नामक युवक से पीड़ित महिला के पति ने ₹1,500 उधार लिए थे। दंपति ने पूरी रकम चुका दी थी, लेकिन प्रमोद सिंह कर्ज पर अतिरिक्त ब्याज की मांग कर रहा था। जिसे पीड़िता के पति ने कर्ज पर अतिरिक्त ब्याज देने से इनकार कर दिया था।
इसके बाद प्रमोद सिंह के बेटे और उनके सहयोगियों ने दम्पती के साथ मारपीट की और महिला के मुंह में पेशाब कर दिया। इतना ही नहीं आरोपियों ने महिला को सरेआम नग्न कर दिया। पीड़ित महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि जब वह हैंडपंप से पानी लेने के लिए अपने घर के बाहर थी तभी प्रमोद, उसके बेटे अंशू और चार अन्य लोगों ने शनिवार रात उसे अपने साथ आने के लिए मजबूर किया।
पीड़िता ने बताया कि वह किसी तरह दबंगों के चंगुल से भागने में सफल रही। वहीं पीड़िता के परिवार के सदस्यों ने कहा कि वे लगभग आधी रात को महिला की तलाश में निकले और उसे नग्न अवस्था में घर की ओर भागते हुए पाया। पुलिस ने बताया कि महिला के सिर में गंभीर चोटें आईं और उसका अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।
इस मामले में पटना के एसएसपी राजीव मिश्रा ने कहा कि महिला की शिकायत पर मामलादर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। SSP ने जानकारी दी कि मामले की जांच के लिए पांच पुलिस टीमें गठित की गई हैं और तलाशी ली जा रही है।