संतोष कुमार सिंह
नयी दिल्ली: कांग्रेस नेता राहुल गांधी जबसे भारत यात्रा करके लौटे हैं तबसे जनता की नब्ज को समझने लगे हैं और लगातार उनके बीच रहना चाहते हैं। यही कारण है कि भले ही आधिकारिक रूप राहुल के भारतयात्रा का दूसरा चरण शुरू नहीं हुआ हो लेकिन राहुल ये संकेत देते रहते हैं कि उनकी भारत यात्रा समाप्त नहीं हुई है बल्कि जारी है।
कभी वे महिला किसानों से मिलते हैं तो कभी ट्रक ड्राईवर से तो कभी मेकेनिक से तो कभी छात्रों से। इन सब के जरिए राहुल गांधी ये संकेत देते रहते हैं वे जन प्रतिनिधि हैं और जनता के बीच हैं। अपनी इसी छवि को और पुख्ता करने के लिए राहुल गांधी आज आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर कुली के रूप में नजर आए और सिर पर सामान भी उठाया।
बड़ी बात ये हैं कि इस दौरान उन्होंने कुलियों से बातचीत की और उनकी वर्दी पहनकर माथे पर बड़ी अटैची ढ़ोते भी नजर आये। राहुल गांधी कुलियों द्वारा पहनी जाने वाली लाल रंग की शर्ट राहुल की अलग ही छवि प्रस्तुत कर रही थी।
राहुल के इस जुड़ाव को कांग्रेस ने अपने सोशल मीडिया हैंडल से भी साझा किया है और लिखा है भारत जोड़ो यात्रा जारी है…
ट्रक ड्राइवर, मैकेनिक और अब कुली…
इससे पहले राहुल गांधी ने दिल्ली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर ट्रक ड्राइवरों के साथ यात्रा और इस दौरान उनसे हुई बातचीत का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर साझा किया था। काग्रेस ने इस प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि ट्रक ड्राइवरों की समस्याएं सुनने के लिए राहुल ने यह यात्रा की थी. इसके कुछ दिनों बाद राहुल गांधी करोल बाग बाइक मार्केट पहुंचे थे, जहां उन्होंने मैकेनिकों से बातचीत की थी।
आपको याद होगा कि राहुल गांधी ने चंद माह पहले भारत जोड़ो यात्रा की थी। इस दौरान उन्होंने देश के कई राज्यों का भ्रमण किया था और अपनी यात्रा के क्रम में समाज के हर तबके के लोगों के हालात को जानने और समझने की कोशिश की थी। इस दौरान उन्होंने कहा था कि वह अंतिम पंक्ति में खड़े शख्स की तकलीफ को भी महसूस करना चाहते हैं, इसलिए यात्रा पर हैं। ऐसा लगता है कि राहुल गांधी अब भी इस मुहिम पर हैं।
सूत्रों का दावा है कि राहुल गांधी भारत यात्रा पार्ट टू की तैयारी में लगे हुए हैं और जल्द ही उनकी यात्रा महाराष्ट्र से शुरू की जा सकती है। हालांकि यात्रा की तिथि के विषय में अभी कोई सूचना कांग्रेस पार्टी की तरफ से नहीं आई है।