शिमला: इस साल मॉनसून ने हिमाचल प्रदेश में बारिश के रूप जमकर कहर बरसाया है। लगातार हो रही बारिश के कारण प्रदेश में जगह-जगह भूस्खलन और बाढ़ की समस्या देखने को मिल रही है। इस दौरान सैकड़ों लोगों की जान भी चली गई। कई लोग लापता हो गए तो हजारों लोग बेघर हो गए। प्रकृति के कहर से राज्य को करोड़ों का नुकसान हुआ। इस बीच आज कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा हिमाचल प्रदेश पहुंची जहां उन्होंने राहत, पुनर्वास और बहाली प्रयासों की समीक्षा के लिए बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया।
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और राज्य कांग्रेस प्रमुख प्रतिभा सिंह ने चंडीगढ़ हवाई अड्डे पर प्रियंका गांधी की अगवानी की, जहां से वाड्रा ने कुल्लू के भुंतर हवाई अड्डे के लिए उड़ान भरी। भुंतर हवाई अड्डे पर उतरने के बाद प्रियंका गांधी कुल्लू और मनाली में बाढ़ से विस्थापित परिवारों से मिली जिसके बाद वह सोलन जिले के शामली जाने से पहले पंडोह और मंडी के लिए रवाना हुईं।
बता दें कि इस दौरान प्रियंका के साथ मंडी सांसद प्रतिभा सिंह के अलावा राज्य के लोक निर्माण विभाग मंत्री विक्रमादित्य सिंह भी रहे। गौरतलब है कि इस मानसून में भारी बारिश के कारण 426 लोगों की जान चली गई है, जबकि 39 अभी भी लापता हैं। वहीं, 2,575 से अधिक घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं और 11,000 आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
जानमाल के अलावा राज्य को भी भारी मात्रा में आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा है। अब तककानुकसान ₹8,600 करोड़ आंका गया है। वहीं मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि यह ₹12,000 करोड़ तक जा सकता है।