नई दिल्लीः किसी भी राज्य की प्रगति के लिए बुनियादी ढांचे का विकास बहुत जरूरी है। क्योंकि राज्य के विकास में बेहतर सड़क और रेल मार्ग अहम भूमिका निभाते हैं। प्रगति के पथ पर तेजी से बढ़ रहे हरियाणा में बुनियादी ढ़ांचे को सुदृढ़ करने के लिए केंद्र सरकार ने करीब 461करोड़ रुपये के 8नए प्रोजेक्ट्स की स्वीकृति दी है। इन प्रोजेक्ट्स से राज्य में विकास का पहिया और तेज गति से घुमेगा।
नई दिल्ली में एनसीआरपीबी की हुई बैठक में मिली स्वीकृति
केंद्र सरकार ने नेशनल कैपिटल रीजन प्लानिंग बोर्ड (एनसीआरपीबी) की नई दिल्ली में हुई बैठक में हरियाणा को 8नए प्रोजेक्ट्स का तोहफा दिया है। इन पर कुल 461.116करोड़ रुपये की लागत आएगी। इन 8प्रोजेक्ट्स में 4बड़े राजमार्गों का मजबूतीकरण, 2नए फ्लाईओवर और 2नए रेलवे ओवरब्रिज शामिल हैं।
यहां सड़कें बनेंगी मजबूत
इस संबंध में जानकारी देते हुए हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने बताया कि महम से कलानौर एवं आगे बेरी गांव तक सड़क को मजबूत किया जाएगा। इस पर लगभग 51.62करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसी प्रकार झज्जर से कोसली रोड़ के मजबूतीकरण पर 60.89करोड़ रुपये, नूंह-पलवल रोड़ पर 137.57करोड़ रुपये और रोहतक-खरखौदा-दिल्ली बॉर्डर रोड़ के मजबूतीकरण पर 19.46करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
यहां बनेंगे फ्लाईओवर
प्रदेश की मनोहर सरकार रोहतक में ओल्ड एनएच-71ए पर सुखपुरा चौक पर नया फ्लाईओवर बनाने जा रही है। इसके निर्माण पर 65.88 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इसी तरह पानीपत में पानीपत-सफीदों-जींद-भिवानी रोड पर कैरियर लाइंड चैनल के साथ-साथ नए फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा। इस फ्लाईओवर के निर्माण पर 26.47 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
जींद-पानीपत रेलवे सेंक्शन पर बनेगा नया रेलवे ओवरब्रिज
इसके अलावा पानीपत में जींद-पानीपत रेलवे सेंक्शन पर 73.24 करोड़ रुपये की लागत से नया रेलवे ओवरब्रिज बनाया जाएगा। इसके अलावा पानीपत जिले में वर्तमान रेलवे ओवरब्रिज के साथ-साथ पानीपत जीटी रोड से डाहर की ओर एक नए फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा।