Haryana Anurag Dhanda Arrest: चंडीगढ़ में आम आदमी पार्टी (आप) के नेता अनुराग ढांडा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। अनुराग ढांडा हरियाणा के पूर्व खेल मंत्री संदीप सिंह की गिरफ्तारी को लेकर समर्थकों के साथ भूख हड़ताल पर बैठे थे। पुलिस ने धरना स्थल पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं समेत गिरफ्तार कर लिया।
अनुराग ढांडा के सरकार पर आरोप
आप नेता ढांडा ने डीजीपी को पत्र लिखकर भूख हड़ताल के लिए इजाजत मांगी थी। इसके बाद वह समर्थकों के साथ परेड ग्राउंड पर सांकेतिक हड़ताल पर बैठ गए। अनुराग ढांडा का कहना है कि हरियाणा पुलिस पूर्व खेल मंत्री संदीप सिंह को बचा रही है जबकि जूनियर महिला कोच मामले में उनके ऊपर संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
इसके अलावा आप नेता अनुराग ढांडा ने सीएम को लेकर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि संदीप सिंह को कैबिनेट से बाहर का रास्ता दिखाना चाहिए। प्रदेश में न्याय संगत कानून की व्यवस्था होनी चाहिए। महिला सुरक्षा के मामले में प्रदेश लगातार नीचे की ओर जा रहा हैं।
सीएम उठाए ठोस कदम- ढांडा
इसके बाद भी प्रदेश के सीएम मनोहर लाल महिलाओं को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं। जूनियर महिला कोच मामले में पूर्व खेल मंत्री को बचाया जा रहा है। जबकि पूर्व खेल मंत्री पर संगीन धाराओं में मामला दर्ज है। चंडीगढ़ पुलिस को चार्जशीट में बलात्कार प्रयास करने की संगीन धारा को जोड़ने चाहिए। प्रदेश सरकार को कैबिनेट से बाहर का रास्ता दिखाना चाहिए।