नई दिल्लीःपाकिस्तान से अवैध तरीके से भारत आकर उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में अपने प्रेमी सचिन के साथ रह रही सीमा हैदर ने सोमवार को भारतीय तिरंगा फहराने के बाद सनी देओल की फिल्म गदर का डॉयलाग बोलकर वहां उपस्थित जनता का दिल जीत लिया। भारतीय तिरंगा फहराने के बाद सीमा हैदर ने कहा कि हिंदुस्तान जिंदाबाद था, हिंदुस्तान जिंदाबाद है और हिंदुस्तान जिंदाबाद रहेगा।
सीमा हैदर के बच्चों ने भी लगाए भारत माता की जय और हिंदुस्तान जिंदाबाद के नारे लगाए
उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा स्थित अपने प्रेमी सचिन मीणा के आवास पर सीमा हैदर ने सोमवार सुबह तिरंगा फहराया। इस दौरान सीमा हैदर के वकील और आसपास के इलाके के रहने वाले लोग भी बड़ी संख्या में उपस्थित थे। सीमा हैदर ने कहा कि अब वह पूरी तरह भारतीय है और अन्य भारतीयों की तरह भारत की आजादी का जश्न मना रही है। सीमा हैदर के साथ पाकिस्तान से आए उसके चारों बच्चों ने भी भारत माता की जय और हिंदुस्तान जिंदाबाद के नारे लगाए।
यहां बहुत प्यार मिल रहा है, पाकिस्तान को भूल चुकी हूं
इस दौरान सीमा हैदर ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उसे यहां पर बहुत प्यार मिल रहा है। सचिन के परिवार, गांव वालों का प्यार पाकर अब वह अपने देश पाकिस्तान को भूल चुकी है। सीमा ने उम्मीद जताई कि जल्द ही उसके खिलाफ दर्ज सभी मामले खत्म हो जाएंगे और उसे भारतीय नागरिकता मिल जाएगी। वहीं, सीमा के वकील ने भी कहा कि हमलोगों को उम्मीद है कि सरकार उनके मुवक्किल की नागरिकता संबंधी आवेदन पर गौर करेगी।
PUBG खेलते हुए सीमा-सचिन में हुआ था प्यार
पाकिस्तान से अवैध तरीके से भारत आई सीमा हैदर ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा स्थित अपने प्रेमी सचिन मीणा के साथ रह रही है। उसने बताया है कि PUBG गेम्स खेलने के दौरान सचिन से बातचीत शुरू हुई थी। फिर धीरे-धीरे दोनों में प्यार हो गया। सचिन से मिलने के लिए वह पाकिस्तान से पहले नेपाल गई और उसके बाद भारत आई। सीमा अपने साथ अपने बच्चों को भी लेकर आई है। यहां उसने सचिन मीणा के साथ शादी कर ली है।