प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के माफिया अतीक अहमद (Atiq Ahmed)के बाद अब उसके बेटे का आतंक जारी है। जेल में बंद अतीक के बेटे के खिलाफ पिछले 24 घंटे में प्रयागराज कमिश्नरेट में दो मामले दर्ज किए गए हैं। ये दोनों मामले नैनी सेंट्रल जेल में बंद अतीक दूसरे बेटे अली अहमद के खिलाफ रंगदारी मांगने के आरोप में दर्ज किए गए हैं।
दरअसल, यह शिकायत करेली इलाके का रहने वाला मोहम्मद अफजल ने दर्ज कराया है। अफजल खेती किसानी करता है। उसने अली अहमद के खिलाफ मामला दर्ज कराया है, जिसने आरोप लगाया है कि 7 अगस्त को उस पर व उसके भतीजे पर तीन लोगों द्वारा जानलेवा हमला किया गया और मारपीट कर कहा कि अली भाई व आसाद कालिया को 30 लाख रुपए की रंगदारी दो या फिर अपना प्लाट उनके नाम कर दो। शिकायतकर्ता ने ये भी कहा है कि उसे इन सभी बदमाशों से जान का खतरा है।
बता दें कि शिकायतकर्ता अफजल के बयान के आधार पर जेल में बंद अली व अन्य लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा 447, 341, 307, 386, 323, 504, 506 और 120 B के तहत केस दर्ज किया गया है। जबकि दूसरा मामला पूर्व विधायक आसिफ जाफरी के भाई वाशिक जाफरी ने कराया है। वाशिक जाफरी का आरोप है कि अतीक का बेटा अली अहमद और उसका गुर्गा आसाद कालिया जेल में रहते हुए अपने लोगों के जरिए उससे 10 लाख रुपए की रंगदारी मांग रहे हैं. 10 लाख रुपए और जमीन नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी जाती है।
जाफरी के बयान के आधार पर पुलिस ने अली अहमद, गुर्गे आसाद कालिया और इमरान के खिलाफ आईपीसी की धारा 387 और 506 के तहत केस दर्ज किया है। बता दें कि दोनों मामले करेली थाने में दर्ज किया गया है। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है। उल्लेखनीय है कि माफिया अतीक अहमद का दूसरा बेटा अली 30 जुलाई 2022 से प्रयागराज की नैनी सेंट्रल जेल में बंद है।