Haryana Firing: हरियाणा का यमुनानगर जिला शनिवार को गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा। शहर के कन्हैया साहब चौक के पास एक कोचिंग सेंटर पर अज्ञात युवकों ने फायरिंग शुरू कर दी। गनीमत रही कि इस दौरान शिक्षण संस्थान में कोई छात्र मौजूद नहीं था। घटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई।
फायरिंग के बाद मची अफरा तफरी
फायरिंग के दौरान कई गोलियां कोचिंग सेंटर में अंदर जा गिरी। हालांकि घटना के पीछे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस सीसीटीवी की मदद से जांच में जुट गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाइक सवार तीन युवकों ने ताऊ देवीलाल परिसर के पास एक शिक्षण संस्थान पर ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दी। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों को जहां जगह मिली छिप गए। गोली लगने से संस्थान के गेट का शीशा भी टूट गया। सेंटर में आज शनिवार को छुट्टी थी। इस कारण कोई ज्यादा चहल कदमी नहीं थी।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस SHO पृथ्वी सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि दोपहर को सिटी पुलिस को सूचना मिली थी कि ताऊ देवीलाल परिसर में 3 युवकों ने गोलियां चलाई हैं। 5 से 6 राउंड गोली चलाई जाने की बात सामने आई है। गोली क्यों और किसने चलाई अभी यह बात साफ नहीं हो पाई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्दी ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।