Haryana Weather:हरियाणा प्रदेश के 9 जिलों में मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान तेज हवाएं भी चलेगी और तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। पंचकूला, यमुनानगर और कुरुक्षेत्र में भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा अन्य जिलों में तेज चमक और गरज के साथ बारिश हो सकती है।
67 फीसदी बारिश कम हुई
अगस्त महीने में प्रदेश में 67 फीसदी बारिश कम हुई है। 4 अगस्त से अभी 11.9 मिमी बारिश हुई, सामान्य रूप से 36.5 मिमी बारिश होती है। बीते सप्ताह कई जिलों में कम और ज्यादा बारिश भी हुई है। फरीदाबाद में 54.5 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से 13 फीसदी ज्यादा है। हिसार जिले में 0.9 मिमी बारिश हुई, जो 97 फीसदी सामान्य से कम है। इसके अलावा अगस्त के पहले सप्ताह में भिवानी, दादरी, फतेहाबाद और सिरसा जिले में बारिश नहीं हुई।
तेजी से बढ़ रहा आई फ्लू
प्रदेश में बीते जुलाई महीने में भारी बारिश की वजह से बाढ़ से कई जिले प्रभावित हुए हैं। जिसकी वजह से अब मौसमी बीमारी लगातार बढ़ रही है। उमस के कारण आई फ्लू तेजी से बढ़ रहा है। 24 घंटे में 631 गांव और 33 शहरी क्षेत्रों में 400 नए केस आए हैं, जिसके बाद मरीजों की संख्या 7148 तक पहुंच गई है।
हरियाणा में बाढ़ग्रस्त इलाकों में अब तक बुखार के 12184 मामले आ चुके हैं। 24 घंटे में इसके 266 नए मामले मिले हैं। पेट संबंधी रोगियों की संख्या में 45 की वृद्धि हुई है, इनकी संख्या अब 2941 पर पहुंच गई है। त्वचा संबंधी रोगियों की संख्या बढ़कर 15622 तक पहुंच गई है।