नई दिल्लीःहरियाणा के नूंह में 31जुलाई को विश्व हिंदू परिषद(विहिप) और अन्य हिंदू संगठनों द्वारा निकाली गई ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा के दौरान हुई सांप्रदायिक हिंसा के आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। जिला पुलिस और जांच एजेंसियों को हिंसा की आग भड़काने वाले कुछ लोगों के बारे में जानकारी मिली है। पुलिस जल्द ही इस मामले में कुछ और गिरफ्तारियां कर सकती है। उधर, विश्व हिंदू परिषद ने सांप्रदायिक हिंसा के कारण अधूरी रह गई ब्रजमंडल धाम जलाभिषेक यात्रा को पूरी करने की योजना बनाई है।
बताया जा रहा है कि विश्व हिंदू परिषद 28 अगस्त को दोबारा जलाभिषेक यात्रा निकाल सकती है। इसको लेकर रविवार को विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों की बैठक हो सकती है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 28अगस्त को सोमवार होने के कारण इस बात की ज्यादा संभावना है कि विश्व हिंदू परिषद की ओर से उसी दिन जलाभिषेक यात्रा निकाली जाए। हालांकि, विश्व हिंदू परिषद की तरफ से अभी इसको लेकर कोई आधारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन माना जा रहा है कि पदाधिकारियों की बैठक के बाद इस संबंध में घोषणा हो सकती है।
बता दें कि ब्रजमंजल धाम जलाभिषेक यात्रा के दौरान सबसे पहले यात्रा में शामिल श्रद्धालु नल्हड़ महादेव मंदिर में जलभिषेक करते हैं। उसके बाद झिरकेश्वर महादेव, गांव शृंगार में स्थित राधा-कृष्ण मंदिर और फिल अंत में शृंगेश्वर महादेव मंदिर में भगवान भोलेनाथ का दर्शन-पूजन कर जलभिषेक करते हैं।
गुरुवार को कर्फ्यू में आठ घंटे की रहेगी ढील
उधर, नूंह में शांति का माहौल देखते हुए जिला प्रशासन ने गुरुवार कर्फ्यू में आठ घंटे की ढील देने का फैसला किया है। प्रशासन की तरफ से कहा गया है कि सुबह सात बजे से दोपहर तीन बजे तक कर्फ्यू में छूट रहेगी। जिला प्रशासन की ओर से कहा गया है कि हालात में सुधार होने के बाद यह फैसला लिया गया है। हालांकि, किसी भी नेता को प्रशासन की अनुमति बिना शहर में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। इंटरनेट सेवा गुरुवार को भी बंद रहेगी। गौरतलब है कि नूंह में हुई सांप्रदायिक हिंसा में दो होमगार्ड समेत छह लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं भारी पुलिस बल की तैनाती और आरोपियों की तेज हुई धर-पकड़ के बाद नूंह में माहौल फिलहाल शांत है और पिछले कुछ दिनों में किसी तरह की कोई अप्रिय घटना की खबर नहीं मिली है।