शुभम रावत-
पुणे: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को महाराष्ट्र के पुणे जिले में एक सरकारी कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने महाराष्ट्र सरकार में शामिल हुए एनसीपी नेता अजीत पवार का स्वागत किया। गृह मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि,अजीत (पवार) दादा उपमुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार आए हैं। मैं उनके साथ मंच पर पहली बार कार्यक्रम कर रहा हूं।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज पुणे से सेंट्रल रजिस्ट्रार ऑफ कोऑपरेटिव सोसाइटी (CRCS) कार्यालय के डिजिटल पोर्टल की शुरुआत की। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, देवेंद्र फडणवीस और नए उप-मुख्यमंत्री अजीत पवार भी मौजूद रहे।
अमित शाह ने कहा कि महाराष्ट्र सहकारिता की राजधानी रहा है। यहीं से सहकारिता के संस्कार देश में फैले। विट्ठलराव विखे पाटील जी, धनंजयराव गाडगिल जी और वैकुंठभाई मेहता जी जैसे अनेक सहकारी महर्षियों ने महाराष्ट्र को सहकारिता के क्षेत्र में विशेष स्थान दिलाया जिससे यहां का मॉडल देश भर में पहुंचा। उन्होंने कहा कि सहकारिता आंदोलन के विकास की दिशा देखेंगे तो गुजरात, महाराष्ट्र और कर्नाटक जो पुराने मुंबई के हिस्से थे वहीं से सहकारिता आंदोलन बढ़ा और विकसित हुआ।
अमित शाह ने कहा कि पीएम मोदी सहकार से समृद्धि का जो विचार रखा है उसमें एक गहरा तत्वदर्शन है। 9सालों में पीएम मोदी ने करोड़ों गरीबों को घर-शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं दी हैं। अब गरीब समृद्ध होने के सपने देख रहा है। इसके लिए पूंजी की जरूरत है और यह पूंजी सहकारिता के माध्यम से ही संभव है। सहकार से समृद्धि का अर्थ है, छोटे से छोटे व्यक्ति को अपने जीवन को बेहतर बनाने का मौका देना और देश की आर्थिक प्रगति में योगदान देने के लिए एक मंच प्रदान करना और सहकारिता के माध्यम से उसके जीवन का उद्धार करना।
दादा आप बहुत समय बाद सही जगह बैठे हैं-अमित शाह
इस सरकारी कार्यक्रम के दौरान गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि अजीत (पवार) दादा उपमुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार आए हैं। मैं उनके साथ मंच पर पहली बार कार्यक्रम कर रहा हूं। मैं उनसे कहना चाहूंगा, दादा आप बहुत समय बाद सही जगह पर बैठे हैं। यह जगह सही थी लेकिन आपने बहुत देर कर दी।
अमित शाह को महाराष्ट्र से ज्यादा प्यार
इस मौके पर अजित पवार ने अमित शाह की तारीफ की। उन्होंने कहा कि अमित शाह का महकमा पीएम नरेंद्र मोदी के सहयोग से तेजी से विकास कर रहा है। अमित शाह गुजरात से आते हैं, लेकिन उन्हें महाराष्ट्र ज्यादा पसंद है। अजीत पवार नेकहा कि अमित शाह महाराष्ट्र के दामाद हैं। अगर हम सहमत नहीं हैं तो दामाद को ससुराल वाले ज्यादा प्यारे लगते हैं।