केरल: केरल से एक बार फिर कांग्रेस के लिए बुरी खबर सामने आई है। अभी हाल ही में जहां केरल के पूर्व सीएम और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ओमान चांडीने दुनिया को अलविदा कहा था। वहीं अब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और केरल विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष वक्कोम पुरूषोतमन का आज निधन हो गया। उन्होंने 96 साल की उम्र में तिरुवनंतपुरम के एक निजी अस्पताल में आखिरी सांस ली। पूर्व अध्यक्ष के निधन की खबर सुनते ही राजनीतिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई। बता दें कि पुरूषोतमन अच्युता मेनन, ई के नयनार और ओमन चांडी की कैबिनेट में मंत्री थे।
नेताओं ने जताया शोक
बताया जा रहा है कि स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर आज सुबह पुरूषोतमन को केआईएमएस अस्पताल ले जाया गया था। हालांकि किसी को ये पता नहीं था कि उनका अपनी जिंदगी का आखिरी दिन है और उन्होंने अस्पताल में ही अपना दम तोड़ दिया। एक महीने के भीतर कांग्रेस ने दूसरी बार अपने वरिष्ठ नेता को खोया है। उनकी मौत पर केरल विधानसभा के अध्यक्ष एएन शम्सीर, मुख्यमंत्री पिनराई विजयन और विधानसभा में विपक्ष के नेता वीडी सतीशन ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के निधन पर शोक जताया।
विधानसभा अध्यक्षों के लिए मार्गदर्शक थे- शम्सीर
शम्सीर ने कहा कि दिवंगत कांग्रेस नेता उनके बाद बने विधानसभा अध्यक्षों के लिए मार्गदर्शक थे। वहीं सीएम विजयन ने कहा कि पुरूषोतमन ने राज्यपाल, विधानसभा अध्यक्ष , सांसद तथा विभिन्न विभागों के मंत्री के रूप में अपनी एक छाप छोड़ी। वे विवाद की स्थिति में भी अपने रुख एवं फैसलों पर सदैव कायम रहते थे।
बता दें कि पुरूषोतमन ने अपना राजनीतिक जीवन 1946 में छात्र कांग्रेस के एक कार्यकर्ता के रूप में शुरू किया था। वह 35 वर्षों से अधिक समय तक अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के सदस्य रहे। उन्होंने पांच बार अट्टिंगल निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। 1971-1977, 1980 से 1981 तक 2004 से 2006 तक केरल सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे थे। 1982-1984 और 2001-2004 के दौरान केरल विधानसभा के अध्यक्ष थे। वह 1984 से 1991 तक लोकसभा के सदस्य रहे। गौरतलब है कि अभी हाल ही में इसी महीने 18 जुलाई को केरल के पूर्व सीएम ओमान चांडी ने दुनिया को अलविदा कहा था।