Haryana: प्रदेश में कल भी बरसेंगे बादल, आज 10 जिलों में बारिश, घग्गर नदी में बह गया किसान

Haryana Weather Forecast: हरियाणा में मानसून एक बार फिर से सक्रिय है। आज शनिवार को 10 जिलों में भारी बारिश हुई। सबसे ज्यादा सोनीपत जिले में 97.55 मिमी बारिश हुई। सिरसा जिले में घग्गर नदी पूरे उफान पर है। खेत में काम कर रहा किसान नदी के उफान में बह गया। मौसम विभाग ने रविवार के लिए भी बारिश का अलर्ट जारी कर दिया है।

चार दिनों तक बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार दिनों तक प्रदेश में बारिश होने की संभावना है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, मानसून टर्फ के सामान्य स्थिति में आने के कारण बारिश होने की संभावना बढ़ गई है और इस दौरान हरियाणा के कुछ स्थानों पर मध्यम तो कुछ जगहों पर तेज बारिश हो सकती है।

26 जुलाई के बाद सक्रिय हुआ मानसून

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार राज्य में 26 जुलाई के बाद से मानसून फिर से सक्रिय हुआ है। इसके चलते प्रदेश के कई भागों में बारिश देखने को मिल रही है। शनिवार को भी पूरे दिन हरियाणा के कई हिस्सों में बारिश हुई। इस साल हरियाणा में एक जुलाई से मानसून सक्रिय हुआ है। इसके बाद से शुरूआती दोनों सप्ताह में राज्य में अच्छी बारिश हुई है।

तेज और मध्यम बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा में कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहेगा। प्रदेश में कहीं तेज बारिश होगी तो कहीं मध्यम बारिश होने की संभावना है। जानकारी के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में नया चक्रवात बना है, जिससे कम दबाव का क्षेत्र बन गया है। इसी वजह से राज्य में फिर से मानसून सक्रिय हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *