शुभम रावत-
नई दिल्ली:राजधानी दिल्ली में 24 घंटे में हत्या की दो घटनाओं को अंजाम दिया गया। एक महिला की उसके घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई। वहीं मालवीय नगर में एक लड़की के ऊपर रॉड से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया गया।
डबल मर्डर से दहली दिल्ली
दिल्ली में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। दिनदहाड़े हत्या जैसी सनसनीखेज घटनाओं को बेखोफ तरीके से अंजाम दिया जा रहा है। गुरुवार को एक बिल्डर की पत्नी को उसके घर के बाहर गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई। इस घटना को अभी 24 घंटे बीते ही थे कि शुक्रवार कोमालवीय नगर में दिनदहाड़े एक लड़की के ऊपर रॉड जानलेवा हमला करके उसे मौत के घाट उतार दिया गया।
जानकारी के मुताबिक मृतक युवती कमला नेहरू कॉलेज की छात्रा थी। आरोपियों ने कॉलेज के बाहर लड़की के ऊपर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इस घटना में लड़की बुरी तरह से लहूलुहान हो गई और उसने मौके पर दम तोड़ दिया।
वहीं इस घटना की सूचना मिलते हीडीसीपी साउथ मौके पर पहुंचे।पुलिस ने शव को पोस्टपॉर्टम के लिए भेज जांच शुरू कर दी है। पुलिस कॉलेज और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही आस-पास के सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है।
दिल्ली असुरक्षित- स्वाति मालिवाल
दिल्ली में 24 घंटे में 2 महिलाओं की हत्या पर महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालिवाल ने महिला सुरक्षा का मुद्दा उठाया है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा दिल्ली में जहां एक महिला को उसके घर के बाहर गोली मारके उसकी हत्या की गई, वहीं दूसरी तरह मालवीय नगर जैसे पॉश इलाके में लड़की को रॉड से मारा गया। दिल्ली बेहद असुरक्षित है. किसी को फर्क नहीं पड़ता। सिर्फ अखबार की खबरों में लड़कियों के नाम बदल जाते हैं, अपराध नहीं रुकते।