डूबते सिसकते हरियाणा में ‘आफत’का अलर्ट, 19 जुलाई तक बारिश की संभावना
“मौसम विभाग ने 19 जुलाई तक बारिश का येलो अलर्ट जारी कर दिया। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान के अनुसार, प्रदेश में एक बार फिर से मानसून सक्रिय होने जा रहा है। अगले पांच दिनों में तापमान में कोई खास बदलाव देखने को नहीं मिलेगा।
बाढ़ का सामना कर रहे हरियाणा को अभी राहत नहीं मिलने वाली है। प्रदेश में 19 जुलाई तक बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार, कई जिलों में 17 जुलाई तक मध्यम बारिश हो सकती है और 19 जुलाई को उत्तरी जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है।
भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने 19 जुलाई तक बारिश का येलो अलर्ट जारी कर दिया। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान के अनुसार, प्रदेश में एक बार फिर से मानसून सक्रिय होने जा रहा है। अगले पांच दिनों में तापमान में कोई खास बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। प्रदेश में गरज और चमक के साथ बादल एक बार फिर से बरसेंगे।
कई जिलों में बूंदाबांदी का दौर जारी
गौरतलब है कि इस बीच शनिवार सुबह प्रदेश के जिलों में बूंदाबांदी चल रही है। जिससे उमसभरी गर्मी से राहत मिली है। बीते 12 घंटे में यमुनानगर में सबसे ज्यादा 10.5 एमएम तक बारिश हुई। कुरुक्षेत्र में 2.5 एमएम, करनाल में 2 एमएम, रोहतक में 1 एमएम, सोनीपत में 0.5 एमएम, महेंद्रगढ़ में 1.5 एमएम, नारनौल में 1 एमएम और मेवात में 1 एमएम बारिश रिकॉर्ड हुई है।
घग्गर और यमुना में ओवरफ्लो
प्रदेश में भारी बारिश के कारण घग्गर और यमुना में ओवरफ्लो है। पलवल, हिसार और फतेहाबाद में बाढ़ ने जमकर तबाही मचाई है। फतेहाबाद और सिरसा जिले में बांध टूटने से किसानों की सैंकड़ों एकड़ धान की फसल बर्बाद हो गई। डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया। इस दौरान डिप्टी सीएम ने बाढ़ प्रभावित लोगों से बातचीत कर उनका कुशलक्षेम जाना और प्रशासनिक अधिकारियों को राहत बचाव कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिए।