नई दिल्लीः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आंध्र प्रदेश में साईं हीरा ग्लोबल कन्वेंशन सेंटर का उद्घाटन करते हुए कहा कि भारत आज दुनिया की शीर्ष पांच अर्थव्यवस्थाओं में से एक है। उन्होंने कहा कि दुनिया के कुल ऑनलाइन और डिजिटल लेनदेन का 40 प्रतिशत अकेले भारत में होता है। भारत अर्थव्यवस्था और प्रौद्योगिकी में भी अग्रणी है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि आज भारत कर्तव्यों को पहली प्राथमिकता बनाकर आगे बढ़ रहा है। आजादी के 100 वर्ष के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ते हुए हमने अमृतकाल को कर्तव्य काल का नाम दिया है। साथ ही उन्होंने कहा कि हमारे कर्तव्यों में आध्यात्मिक मूल्यों का मार्गदर्शन भी है और भविष्य के संकल्प भी हैं। इसमें विकास भी है और विरासत भी है।
मोदी ने कहा कि डिजिटल टेक्नोलॉजी और 5G जैसे क्षेत्रों में भारत बड़े-बड़े देशों का मुकाबला कर रहा है। हमारे पास दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्ट-अप इकोसिस्टम है। प्रधानमंत्री मोदी ने सत्य साईं सेंट्रल ट्रस्ट की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह बहुत ही सराहनीय है कि सत्य साईं ट्रस्ट आंध्र प्रदेश के करीब 40 लाख विद्यार्थियों को श्री अन्न से बना भोजन दे रहा है। उन्होंने कहा कि अगर इस तरह की पहल से दूसरे राज्यों को भी जोड़ दिया जाए, तो इससे देश को बड़ा लाभ मिलेगा। श्री अन्न को लेकर मोदी ने कहा कि इसमें बेहतर स्वास्थ्य भी है और संभावनाएं भी हैं। ऐसे सभी प्रयास वैश्विक स्तर पर देश के सामर्थ्य को बढ़ाएंगे और हमारी पहचान को मजबूत करेंगे।