Haryana Weather:शुक्रवार सुबह से हरियाणा के कई जिलों में झमाझम बारिश जारी है। कुरुक्षेत्र और करनाल में बारिश से मौसम सुहावना हो गया। सिरसा और हिसार के इलाकों में रात से बारिश हो रही है। लगातार बारिश से रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग का कहना है कि 2 जुलाई तक मौसम में बदलाव आएगा। प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश होगी।
रात के तापमान में गिरावट दर्ज
प्रदेश में लगातार हो रही बारिश से रात के तापमान में 1.1 डिग्री की गिरावट आई है। शुक्रवार सुबह कई जिलों में तेज धूप निकली और लोगों का उमसभरी गर्मी से हाल बेहाल रहा। अभी कई जिले मानसून की अच्छी बारिश के लिए तरस गए हैं लेकिन कई जिलों में बारिश हो रही है।
करनाल और कुरुक्षेत्र में हुई बारिश
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार सुबह 5 बजे के करनाल में 28 एमएम और कुरुक्षेत्र में 31 एमएम बारिश हुई है। मौसम विभाग ने सुबह कैथल, राजौंद, असंध, जींद, गोहाना, गन्नौर, रोहतक और नूंह में आंधी के साथ हल्की से मध्यम तीव्रता की बारिश की संभावना जताई थी, लेकिन यहां बादल बिना बरसे ही गुजर गए।
कई जिलों में हुई बूंदाबांदी
सोनीपत जिले में कुछ देर के लिए हल्की बूंदाबांदी देखने को मिली। जींद जिले में कुछ देर बारिश हुई। कैथल, करनाल, अंबाला, यमुनानगर, पंचकूला के लिए साढ़े 11 बजे तक येलो अलर्ट था। बावजूद इसके कई हिस्सों में बादल बिना बरसे ही निकल गए। प्रदेश के कई जिलों में अब तक मानसून की एक बार भी अच्छी बारिश नहीं हुई।