Vaishali Gas Leak: दूध फैक्ट्री में अमोनिया गैस लीक से 1 की मौत, 20 की हालत गंभीर

वैशाली: बिहार के वैशाली जिले में एक दूध फैक्ट्री में अमोनियम गैस पाइप फटने सेएक व्यक्ति की मौत हो गई। इसके अलावा 100 से ज्यादा लोगों की तबियत बिगड़ गई। जिसमें से 20 लोगों की स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें पटना रेफर कर दिया गया है। वहीं स्थानीय अस्पतालों में अन्य लोगों का इलाज चल रहा है। बता दें कि इस घटना के बाद लोगों में हड़कंप मच गया।

हाजीपुर का है मामला

दरअसल, ये घटना शनिवार रात की है। जहां वैशाली के हाजीपुर में इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित राज डेयरी फैक्ट्री में अमोनियम गैस लीक के कारण भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। इस दौरान फैक्ट्री में काम कर रहे 100 से अधिक मजदूरों की तबियत बिगड़ गई जिसे हाजीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं कुछ लोगों का इलाज निजी नर्सिंग होम में चल रहा है। इस दौरान एक व्यक्ति की मौत भी हो गई।

मौके पर पहुंचे डीएम-एसपी

इस घटना की सूचना के बाद आनन फानन में डीएम-एसपी भी मौके पर पहुंचे।मौके पर पटना से क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) के साथ फायर ब्रिगेड की टीम भी पहुंची थी, जहां उन्होंने हालात को नियंत्रित करने की कवायद शुरू कर दी।हालांकि, गैस रिसाव के मुख्य कारण का अभी तक पता नहीं चल पाया है। जिसकी पुलिस जांच कर रही है। पुलिस की प्रारंभिक जांच से पता चला है कि यह हादसा फैक्ट्री की ओर से लापरवाही के कारण हुआ।

4 किमी तक फैली गैस

वहीं एक प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, दूध फैक्ट्री से लीक हुई अमोनिया गैस हवा में घुलकर करीब चार किलोमीटर तक फैल गई, जिससे लोगों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी।बताया जा रहा है कि गैस राजपूत कॉलोनी से लेकर पासवान चौक और नगर थाने तक भी फैल गयी थी। जिला प्रशासन का दावा है कि 15 से 20 मिनट के अंदर रिसाव पर काबू पा लिया गया। फिलहाल गैस रिसाव के कारण का पता लगाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *