Bihar Weather: बिहार के लोगों को अगले 2-4 दिनों तक मिलेगी गर्मी से राहत, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

पटना: यूपी और बिहार में लगभग एक महीने से पड़ रही प्रचंड गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। लू के कारण आए दिन लोगों की जान जा रही है। लोग कई दिनों से बारिश की आस लगाए बैठे हैं। इस बीच मौसम विभाग ने बिहार के लोगों के लिए राहत भरी खबर दी है। विभाग का कहना है कि अगले एक से दो दिनों में मॉनसून प्रदेश में दस्तक दे सकता है। इस दौरान तेज आंधी के साथ बारिश के आसार हैं। इसके साथ ही वज्रपात और जान माल की हानि होने की भी संभावना है जिसको लेकर विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

मौसम विज्ञान केंद्र पटना (Meteorological Center Patna) के अनुसार बिहार में अगले एक से दो दिनों के दौरान दक्षिण पश्चिम मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं। लेकिन 24 जून तक राज्य के कुछ जिलों में इसका नकारात्मक असर दिखने की संभावना है। IMD के मुताबिक,पूर्णिया, कटिहार और किशनगंज जिले में भारी वर्षा के साथ वज्रपात एवं तेज हवा की चेतावनी दी गई है। इसके कारण जान माल की हानि होने के साथ-साथ निचले स्तर में जलजमाव, यातायात बाधित, बिजली सेवा बाधित हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार 21 जून यानी आज तो राज्य के सभी जिलों में हल्की बारिश होगी जिससे लोगों को राहत मिलने वाली है। लेकिन अगले चार दिनों तक राज्य के दक्षिण-पूर्व, उत्तर-पश्चिम और उत्तर-मध्य भाग्य के 17 जिलों में मध्यम स्तर की वर्षा, मेघ गर्जन या एक-दो जगह पर वज्रपात की भी संभावना है। वहीं, दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पश्चिम इलाकों में हल्की बारिश का पूर्वानुमान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *