पटना: वैसे तो कैदियों के फरार होने की खबर कई बार सामने आई है। लेकिन बिहार के पटना से ऐसी खबर सामने आई है जो हैरान कर देने वाली है। दरअसल, पेशी के लिए जा रहे कैदियों ने पुलिस को चकमा देने के लिए झंडू बाम का इस्तेमाल किया और फरार हो गए। पेशी के लिए ले जा रहे 43 कैदियों में तीन कैदी पुलिस की आंख में पहले झंडू बाम लगाए और वहां से नौ दो ग्यारह हो गए। वहीं इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। फरार कैदियों की तलाश में पुलिस की छापेमारी जारी है।
ये घटना गुरुवार यानी आज दोपहर पौने तीन बजे की है। फुलवारी शरीफ जेल से कैदी वाहन में 43 कैदियों को लेकर पुलिस पटना सिविल कोर्ट के लिए निकली थी। लेकिन इस बीच रास्ते में ई-रिक्शा और बाइक वालों के बीच टक्कर हो गई थी। जिसके बाद दोनों वाहन के ड्राइवरों के बीच विवाद हो रहा था। इस दौरान वहां लोगों की भीड़ लगी थी जिससे सड़क जाम हो गया था। सड़क जाम छुड़ाने के लिए पुलिसकर्मी कैदी वाहन से उतर रहे थे। इस दौरान अपराधियों ने पुलिसकर्मी की आंख में झंडू बाम रगड़ दिया।
आर्म्स एक्ट के दोषी हैं फरार कैदी
झंडू बाम रगड़ने के बाद पुलिसकर्मी कुछ देख नहीं पा रहे थे और इसी का फायदा उठाकर कैदी वहां से फरार हो गए। जब तक पुलिसकर्मियों को झंडू बाम से थोड़ी राहत मिलती तब तक कैदी उनके चंगुल से निकल चुके थे। फरार होने वाले कैदियों में सोनू कुमार, सोनू शर्मा और नीरज चौधरी शामिल है जिनके लिए तलाशी अभियान जारी है। वहीं इस मामले में एक सवाल भी खड़ा हो रहा है कि आखिर कैदियों के पास झंडू बाम कहां से आया? इसको लेकर पुलिस जांच में जुटी है।
मिली जानकारी के मुताबिक, ये तीनों कैदी आर्म्स एक्ट के दोषी हैं। इनमें से एक फरार कैदी सोनू कुमार पहले भी पुलिस हिरासत से फरार होने की कोशिश चुका है। लेकिन तब वो कामयाब नहीं हो पाया था। वहीं टाउन डीएसपी अशोक कुमार सिंह ने कैदी वाहन में तैनात पुलिसकर्मियों की लापरवाही को इस घटना लिए जिम्मेदार माना है। उन्होंने इस मामले में उचित एक्शन लेने की बात कही है।