नई दिल्ली: ओडिसा के बालासोर में शनिवार रात हुए दर्दनाक ट्रेन हादसे से लोग स्तब्ध हैं। इस घटना में अब तक 280 लोगों की मौत हो चुकी है। इसके साथ ही लगभग एक हजार लोग घायल हैं। घटना के बाद से अभी तक तलाशी व बचाव अभियान जारी है। इस बीच शनिवार यानी आज के लिए निर्धारित गोवा-मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस का उद्घाटन समारोह रद्द कर दिया गया है। इस बात की जानकारी कोंकण रेलवे के अधिकारी ने दी।
दरअसल, आज गोवा के मडगाँव से महाराष्ट्र के मुंबई तक पहली वंदे भारत एक्सप्रेस का शुभारंभ होने वाला था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज इसका उद्घाटन करने वाले थे। लेकिन ओडिसा के बालासोर में हुए वीभत्स ट्रेन हादसे के बाद इस योजना को रोक दिया गया। इस बात की जानकारी देते हुए कोंकण रेलवे ने ट्वीट किया कि आज होने वाला वंदे भारत का उद्घाटन कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है।
मोदी सरकार के 9वीं वर्षगाठ से जुड़े सभी कार्यक्रम स्थगित
इसके साथ ही रेल हादसे के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने नरेंद्र मोदी सरकार की नौवीं वर्षगांठ से जुड़े अपने सभी कार्यक्रमों को स्थगित करने का फैसला किया है। सरकार के नौ साल के कार्यकाल को चिह्नित करने के लिए भाजपा ने 30 मई से 30 जून के बीच राष्ट्रव्यापी कार्यक्रमों की एक श्रृंखला की योजना बनाई थी। लेकिन इस दर्दनाक ट्रेन हादसे के बाद सभी कार्यक्रमों स्थगित कर दिया गया है। बता दें कि आज पीएम मोदी आज व्यक्तिगत रूप से दुर्घटनास्थल का निरीक्षण करने और अस्पताल में घायल व्यक्तियों से मिलने के लिए ओडिशा जाएंगे।
दरअसल, घटना शुक्रवार रात करीब 7.20 बजे की है जब कोरोमंडल एक्सप्रेस हावड़ा से चेन्नई सेंट्रल जा रही थी। इस क्रम में जैसे ही ट्रेन बाहानगा बाजार स्टेशन पहुंची तो वहां उसकी एक मालगाड़ी से टक्कर हो गई। इस हादसे में कोरोनामंडल के 4 डिब्बे पटरी से उतर गए। इस हादसे से अनजान उसी रूट परबेंगलुरु-हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस तेज रफ्तार से आ रही थी और पटरी से उतरे कोरोनामंडल के डिब्बों से टकरा गई।इस दौरान ओडिशा के बालासोर जिले में कुल तीन ट्रेनों में टक्कर हुई और यह हादसा एक भयानक रूप ले लिया। इस हादसे में अब तक 280 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है वहीं लगभग 1000 लोग घायल बताए जा रहे हैं। मौके पर तलाशी व बचाव अभियान जारी है।