बारामुला में लश्कर के दो आतंकी गिरफ्तार, सांबा में भी मार गिराया घुसपैठिया

बारामुला: जम्मू-कश्मीर पुलिस ने चेकिंग के दौरान लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकवादियों को हथियार और गोला-बारूद के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों को गुरुवार सुबह क्रीरी बारामूला के वारपोरा इलाके से गिरफ्तार किया गया। एसएसपी बारामूला ने कहा कि सुरक्षा बलों द्वारा नाका चेकिंग के दौरान दो व्यक्तियों को संदिग्ध रूप से घूमते हुए देखा और जब उन्होंने भागने की कोशिश की तो उन्हें पकड़ लिया गया।

यह बोले एसएसपी

एसएसपी ने बताया, उनकी तलाशी लेने पर टीम ने उनके कब्जे से हथियार और गोला-बारूद बरामद किया जिसमें दो पिस्तौल, दो पिस्टल मैगजीन और 15 जिंदा राउंड शामिल हैं। पकड़े गए दोनों की पहचान सुहेल गुलजार और वसीम अहमद पररा के रूप में हुई है। पुलिस ने कहा कि ये दोनों आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के हैं।

पाकिस्तानी घुसपैठिए को मार गिराया

वहीं, जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बीएसएफ ने बुधवार देर रात एक संदिग्ध पाकिस्तानी घुसपैठिए को मार गिराया। उन्होंने बताया कि यह घटना सांबा सेक्टर में मंगू चक सीमा चौकी के पास देर रात करीब दो बजकर 50 मिनट पर हुई।

बीएसरफ ने दी यह जानकारी

सीमा सुरक्षा बल के एक प्रवक्ता ने कहा, आज तड़के बीएसएफ के जवानों ने सांबा इलाके में पाकिस्तान की तरफ से अंतरराष्ट्रीय सीमा पार करने वाले एक व्यक्ति की संदिग्ध गतिविधि देखी। प्रवक्ता ने बताया कि बल ने उसे रोकने की कोशिश की लेकिन वह सीमा पर बाड की ओर बढ़ता रहा इसके बाद सैनिकों को गोलियां चलानी पड़ी जिसमें उसकी मौत हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *