Haryana AIIMS Foundation: रेवाड़ी जिले में बनने वाले एम्स अस्पताल की कागजी प्रक्रिया जुलाई तक पूरी हो जाएगी। इसके बाद देश के पीएम नरेन्द्र मोदी एम्स का शिलांन्यास करेंगे। मंगलवार को मीडिया से बातचीत करते हुए केन्द्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि एम्स का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। इसके बाद अस्पताल का शिलांन्यास किया जाएगा।
जुलाई में होगा शिलांन्यास
बता दे कि राव इंद्रजीत सिंह आज रेवाड़ी के गांव राजियाका में सहकारी बैंक लिमिटेड की नई शाखा और गांव रामपुरा में नवनिर्मित हैफेड भंडारण परिसर का उद्घाटन करने के दौरान मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हाल ही में नीति आयोग की बैठक में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया से एम्स को लेकर की गई बातचीत के दौरान उन्होंने एम्स की नींव का पत्थर जुलाई माह तक रखने का भरोसा दिया।
केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह का कहना है कि बीते 9साल के कार्यकाल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरे देश में समान विकास की विचारधारा के साथ जनसेवा की दिशा में कदम बढ़ाए हैं। प्रधान सेवक के रूप में नरेंद्र मोदी ने जनसेवा की भूमिका निभाई और हम सहयोगी के रूप में हर पल सक्रिय रहे हैं।
हरियाणा सरकार का दिया धन्यवाद
केन्द्रीय मंत्री का कहना है कि मैं हरियाणा सरकार का धन्यवाद करता हूं कि गांव रामपुरा में 15एकड़ जमीन पर बड़े महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट जल घर, बिजली सब स्टेशन सहित हैफेड का भंडारण केंद्र खोला गया है। अब अधिक अनाज का भंडारण रेवाड़ी में भी हो सकेगा और दूसरे जिलों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
सहकारिता मंत्री बनवारी लाल ने सहकारी बैंक और हैफेड के उद्घाटन समारोह में बोलते हुए कहा कि आज दो बड़े प्रोजेक्ट बावल हल्के के विकास में अहम कदम है। उन्होंने कहा कि बैंक शाखा बनने से क्षेत्र के दर्जनभर गांव को लाभ मिलेगा। केंद्र सरकार के 9साल और प्रदेश सरकार के साढ़े 8साल में विकास के नए द्वार खुले हैं।