पटना: बिहार में इन दिनों प्रचंड गर्मी से लोगों का बुरा हाल है। आसमान से बरस रहे आग की आगे लोग बेबस नजर आ रहे हैं। राजधानी पटना का तापमान कल यानी बीते रविवार को सामान्य से 5 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। वहीं, अगर प्रदेशभर की बात करें तो राज्य में पिछले कल सबसे अधिक तापमान औरंगाबाद में दर्ज किया गया। इस बीच मौसम विभाग ने पटना समेत 7 शहरों में लू का अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर बिहार के जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
वहीं, मौसम विभाग ने 24 मई को पटना समेत प्रदेश के सभी जिलों में तेज हवा के साथ बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। बारिश होने से सूबे के लोगों को लू से थोड़ी राहत मिलेगी। अगले दो-तीन दिनों के दौरान राजधानी समेत प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में आंधी-पानी के सथ बिजली चमकने, मेघ गर्जन को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के मुताबिक, मध्य क्षोभ मंडल में ट्रफ स्थापित है। इसके प्रभाव से अगले 24 घंटों के दौरान पटना समेत प्रदेश के सात शहरों में लू जैसी स्थिति बनी रहेगी। इन जिलों में पूर्णिया, नवादा, शेखपुरा, खगड़िया, जमुई, बांका व पश्विमी चंपारण है जहां उष्ण लहर का प्रवाह बना रहेगा। वहीं राज्य के उत्तरी हिस्सों में गरज और बिजली चमकने के साथ 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।
बता दें कि पिछले कल यानी रविवार को औरंगाबाद का तापमान सबसे अधिक रहा। औरंगाबाद का तापमान जहां 44.3 डिग्री सेल्सियस रहा वहीं, पटना का तापमान 42.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि मौसम विभाग ने पिछले दो दिनों के दौरान राज्य के कुछ जिलों में बारिश की संभावना जताई है जिससे तापमान में गिरावट देखी जा सकती है।